Apple में 15 साल बाद बड़ा बदलाव, Tim Cook ने छोड़ा CEO पद, John Ternus बने नए बॉस
Apple में करीब 15 साल बाद कंपनी के शीर्ष नेतृत्व में बड़ा बदलाव हुआ है। Tim Cook अब Apple के CEO नहीं हैं। 1 सितंबर 2026 से John Ternus ने कंपनी के नए CEO के तौर पर जिम्मेदारी संभाल ली है। Tim Cook ने अगस्त 2011 में Steve Jobs के निधन के बाद Apple के CEO का पद संभाला था और करीब 15 वर्षों तक इस जिम्मेदारी पर रहे।
CEO पद छोड़ने से एक दिन पहले Tim Cook ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने फॉलोअर्स के लिए भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि अगले दिन उनका पद जरूर बदल जाएगा, लेकिन Apple कम्युनिटी के लिए उनका प्यार कभी नहीं बदलेगा। उन्होंने कंपनी के लोगों को लगातार प्रेरणा देने के लिए धन्यवाद भी दिया।
कौन हैं John Ternus?
John Ternus लंबे समय से Apple से जुड़े हुए हैं। उन्होंने वर्ष 2001 में कंपनी के साथ काम शुरू किया था। CEO बनने से पहले वह Apple में हार्डवेयर इंजीनियरिंग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के पद पर थे।
Ternus ने Apple के कई महत्वपूर्ण प्रोडक्ट्स के विकास में अहम भूमिका निभाई है। Mac, iPad और AirPods जैसे प्रोडक्ट्स के अलावा कंपनी के हार्डवेयर से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट्स में उनका योगदान रहा है।
उन्हें Apple के Mac लाइनअप को मजबूत करने और कंपनी के कंप्यूटरों में खुद के Apple Silicon चिप्स लाने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का श्रेय दिया जाता है।
Apple के बड़े प्रोडक्ट्स से रहा कनेक्शन
John Ternus पिछले कुछ समय में Apple के बड़े लॉन्च इवेंट्स में लगातार नजर आने लगे थे। iPhone 17 सीरीज के लॉन्च के दौरान उन्होंने iPhone Air को मंच से पेश किया था। इसके अलावा इस साल की शुरुआत में उन्होंने MacBook Neo को भी पेश किया था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Ternus ने कंपनी के उन प्रोडक्ट्स के डेवलपमेंट की निगरानी की, जिनसे Apple के कारोबार का बड़ा हिस्सा आता है। यही वजह है कि उन्हें कंपनी के प्रोडक्ट और हार्डवेयर बिजनेस की गहरी समझ रखने वाला अधिकारी माना जाता है।
Tim Cook अब क्या करेंगे?
CEO पद छोड़ने के बावजूद Tim Cook Apple से पूरी तरह अलग नहीं हुए हैं। वह अब कंपनी के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे।
Apple के मुताबिक, इस नई जिम्मेदारी में Cook कंपनी से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण मामलों में सक्रिय रहेंगे। इसमें दुनियाभर के नीति-निर्माताओं के साथ बातचीत और कंपनी के रणनीतिक मामलों में सहयोग करना भी शामिल है।
Tim Cook के कार्यकाल में Apple ने कितनी तरक्की की?
Tim Cook के नेतृत्व में Apple ने कई नए प्रोडक्ट और सर्विसेज लॉन्च कीं। उनके कार्यकाल में Apple Watch, AirPods, HomePod और Vision Pro जैसे प्रोडक्ट बाजार में आए। वहीं Apple Music और Apple TV+ जैसी सर्विसेज का भी विस्तार हुआ।
इस दौरान कंपनी के बाजार मूल्य में भी जबरदस्त बढ़ोतरी हुई। 2011 में Apple का मार्केट कैप करीब 350 अरब डॉलर था, जो अब 4.5 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा हो चुका है।
9 सितंबर को पहली बड़ी परीक्षा
CEO बनने के बाद John Ternus की पहली बड़ी सार्वजनिक मौजूदगी 9 सितंबर को Apple के अगले लॉन्च इवेंट में देखने को मिल सकती है। इस इवेंट में कंपनी की नई iPhone सीरीज समेत कई बड़े प्रोडक्ट्स पेश किए जाने की उम्मीद है।
रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि Apple इस दौरान iPhone 18 Pro सीरीज और कंपनी का पहला फोल्डेबल iPhone भी पेश कर सकती है। ऐसे में नए CEO के तौर पर Ternus के लिए यह लॉन्च इवेंट काफी अहम माना जा रहा है।
Tim Cook की कमाई और नेट वर्थ
Bloomberg की रिपोर्ट के मुताबिक, Tim Cook ने 2025 में Apple से कुल करीब 74.3 मिलियन डॉलर यानी लगभग 704 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसमें उनकी बेस सैलरी के अलावा स्टॉक अवॉर्ड्स, इंसेंटिव और अन्य लाभ शामिल थे।
Forbes के अनुमान के अनुसार, Tim Cook की कुल नेट वर्थ करीब 3 अरब डॉलर यानी लगभग 28,400 करोड़ रुपये है।
Apple के नेतृत्व में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत बनी हुई है। अब देखना होगा कि John Ternus के नेतृत्व में Apple अपने अगले दौर के प्रोडक्ट इनोवेशन और कारोबार को किस दिशा में ले जाता है।

