राउज एवेन्यू कोर्ट का बड़ा फैसला, वीडियो में देंखे Arvind Kejriwal और Manish Sisodia समेत 23 आरोपी बरी
दिल्ली शराब नीति से जुड़े बहुचर्चित मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए राउज एवेन्यू कोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री Arvind Kejriwal, पूर्व मंत्री Manish Sisodia समेत सभी 23 आरोपियों को सीबीआई के मामले में सभी आरोपों से बरी कर दिया। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि दोनों नेताओं के खिलाफ लगाए गए आरोप पर्याप्त साक्ष्यों के अभाव में साबित नहीं होते।
अदालत ने स्पष्ट किया कि अभियोजन पक्ष आरोपों को ठोस सबूतों के आधार पर सिद्ध करने में असफल रहा। फैसले के बाद कोर्ट परिसर में आम आदमी पार्टी के समर्थकों की भीड़ जुट गई और उन्होंने इसे न्याय की जीत बताया।
कोर्ट से बाहर निकलते ही अरविंद केजरीवाल भावुक हो गए और मीडिया से बातचीत के दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने कहा, “मैंने जिंदगीभर सिर्फ ईमानदारी कमाई है। मेरे पास और कुछ नहीं है।” केजरीवाल ने फैसले को सत्य और ईमानदारी की जीत करार दिया।
फैसले के बाद जब केजरीवाल अपने आवास पहुंचे तो परिवार ने उनका भावनात्मक स्वागत किया। पत्नी और बेटी ने फूलों से उनका अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने कहा, “मैं ईमानदार हूं, मनीष सिसोदिया कट्टर ईमानदार हैं और आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार है।”
उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi को संबोधित करते हुए कहा, “मैं प्रधानमंत्री जी से कहना चाहता हूं कि सत्ता के लिए इस तरह देश के साथ खिलवाड़ मत कीजिए। संविधान के साथ खिलवाड़ मत कीजिए। आपको सत्ता चाहिए तो अच्छे काम कीजिए।” उनके इस बयान को राजनीतिक हलकों में अहम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि दिल्ली की आबकारी नीति को लेकर पिछले कुछ वर्षों से सियासी घमासान जारी था। इस मामले में कई नेताओं और अधिकारियों से पूछताछ हुई थी और इसे लेकर राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक बहस छिड़ी रही। आम आदमी पार्टी ने शुरू से ही इन आरोपों को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया था।
वहीं विपक्षी दलों ने इस फैसले पर मिश्रित प्रतिक्रिया दी है। कुछ नेताओं ने अदालत के निर्णय का सम्मान करने की बात कही, जबकि अन्य ने मामले के व्यापक प्रभावों पर टिप्पणी करने से परहेज किया।
इस फैसले के साथ ही दिल्ली की राजनीति में एक नया मोड़ आ गया है। कानूनी लड़ाई में मिली इस राहत को आम आदमी पार्टी अपने लिए बड़ी जीत के रूप में देख रही है। आने वाले समय में यह फैसला राष्ट्रीय राजनीति और विपक्ष की रणनीति पर भी असर डाल सकता है।

