Netflix पर आ रहा है जाकिर खान का नया शो 'Papa Yaar', बाप-बेटे के रिश्ते पर आधारित होगी कहानी
कुछ कहानियां हंसाती हैं, कुछ भावुक कर देती हैं और कुछ ऐसी होती हैं, जिनमें हंसी और इमोशन दोनों साथ देखने को मिलते हैं। मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान का नया स्टैंड-अप स्पेशल 'Papa Yaar' भी कुछ ऐसी ही कहानी लेकर आ रहा है। जाकिर खान के निजी अनुभवों और पिता के साथ उनके रिश्ते पर आधारित यह स्पेशल 18 सितंबर को Netflix पर रिलीज होगा।
पिता और बेटे के रिश्ते पर आधारित है 'Papa Yaar'
'Papa Yaar' में जाकिर खान अपने बचपन की यादों और पिता के साथ रिश्ते को अपने खास अंदाज में पेश करते नजर आएंगे। स्पेशल में बताया गया है कि समय के साथ पिता और बच्चे का रिश्ता किस तरह बदलता और गहरा होता जाता है।
जाकिर अपने अनुभवों और ह्यूमर के जरिए यह दिखाते हैं कि एक उम्र के बाद बच्चे अपने पिता को सिर्फ एक अभिभावक के तौर पर नहीं देखते। उन्हें एहसास होने लगता है कि पिता भी एक इंसान हैं, जिनके अपने सपने, डर, कमियां और कहानियां होती हैं।
पिता को नए नजरिए से देखने की कहानी
जाकिर खान ने बताया कि बचपन में उन्हें अक्सर लगता था कि वह उन बातों और मूल्यों के खिलाफ हैं, जो उनके पिता उन्हें सिखाने की कोशिश करते थे। हालांकि, समय बीतने के बाद उन्हें समझ आया कि उनकी जिंदगी की नींव उन्हीं संस्कारों और सीख से बनी है।
उन्होंने कहा कि 'Papa Yaar' उनके पिता और उन सभी पिताओं को धन्यवाद कहने का एक तरीका है, जो बिना कुछ कहे अपने बच्चों के व्यक्तित्व को आकार देते हैं। आज वह अपने पिता को पहले से अलग नजरिए और ज्यादा आभार के साथ देखते हैं।
दर्शकों को अपने रिश्तों की याद दिलाएगा स्पेशल
जाकिर खान के मुताबिक, Netflix की ग्लोबल पहुंच की वजह से उनकी निजी कहानियां अब दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचेंगी। वह चाहते हैं कि लोग इस स्पेशल को अपने परिवार के साथ देखें, साथ हंसें और भावुक भी हों।
'Papa Yaar' में ऐसे कई पल देखने को मिलेंगे, जिनसे दर्शक अपनी जिंदगी और परिवार के अनुभवों को जोड़ पाएंगे। जाकिर का मजाकिया अंदाज और इमोशनल किस्से इस स्पेशल को खास बनाते हैं।
18 सितंबर को होगा प्रीमियर
जाकिर खान का 'Papa Yaar' 18 सितंबर को सिर्फ Netflix पर रिलीज होगा। यह स्पेशल पिता और बच्चे के रिश्ते के साथ-साथ उन अनकही बातों और यादों को भी सामने लाएगा, जिन्हें अक्सर परिवार के बीच कहने का मौका नहीं मिल पाता।

