यादों में सौमित्र चटर्जी : कभी रेडियो के लिए करते थे काम, ऐसे बने सत्यजीत रे के चहेते अभिनेता
नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय सिनेमा में कुछ कलाकार ऐसे होते हैं, जिनकी पहचान सिर्फ उनकी फिल्मों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उनका अभिनय आने वाली पीढ़ियों के लिए मिसाल बन जाता है। ऐसे ही एक दिग्गज अभिनेता सौमित्र चटर्जी थे। बंगाली सिनेमा के इस कलाकार ने अपनी अदाकारी से न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता, बल्कि दुनिया भर में भारतीय सिनेमा को एक अलग पहचान दिलाई।
सौमित्र चटर्जी मशहूर फिल्म निर्देशक सत्यजीत रे के चहेते थे। दोनों ने साथ में कई फिल्मों में काम किया।
सौमित्र चटर्जी का जन्म 19 जनवरी 1935 को कोलकाता में हुआ था। उनका बचपन पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर में बीता। उनके परिवार का थिएटर से पुराना नाता था। उनके दादा एक थिएटर ग्रुप के अध्यक्ष थे, जबकि उनके पिता पेशे से वकील होने के साथ-साथ शौकिया अभिनेता भी थे। यही वजह थी कि बचपन से ही सौमित्र का झुकाव अभिनय की तरफ बढ़ने लगा।
स्कूल के दिनों में वह नाटकों में हिस्सा लिया करते थे। जब उनके अभिनय की तारीफ होने लगी, तो उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा। आगे चलकर उन्होंने कोलकाता के सिटी कॉलेज से बंगाली साहित्य में ग्रेजुएशन किया और कलकत्ता विश्वविद्यालय से इसी विषय में एमए की पढ़ाई की।
हालांकि, अभिनय को गंभीरता से अपनाने का फैसला उन्होंने थिएटर के दिग्गज कलाकार शिशिर भादुड़ी का नाटक देखने के बाद किया। वह उनके अभिनय से इतने प्रभावित हुए कि उनसे मिलने भी पहुंचे। बाद में शिशिर भादुड़ी उनके गुरु बन गए। सौमित्र ने उनसे अभिनय की बारीकियां सीखीं।
फिल्मी दुनिया में कदम रखने से पहले सौमित्र चटर्जी ने ऑल इंडिया रेडियो में अनाउंसर के तौर पर काम किया। इसी दौरान उनके मन में फिल्मों में काम करने की इच्छा भी बढ़ने लगी। उनकी किस्मत तब बदली, जब उनकी मुलाकात मशहूर फिल्म निर्देशक सत्यजीत रे से हुई।
दरअसल, सत्यजीत रे अपनी फिल्म 'अपराजितो' के लिए नए चेहरे की तलाश कर रहे थे। इसी सिलसिले में उन्होंने सौमित्र का स्क्रीन टेस्ट लिया। रे को उनका चेहरा पसंद आया, लेकिन उस समय वह किशोर अपू के किरदार के लिए उम्र में बड़े लग रहे थे। इसलिए उन्हें फिल्म में मौका नहीं मिल पाया।
हालांकि, सत्यजीत रे ने उन्हें भुलाया नहीं। करीब दो साल बाद उन्होंने सौमित्र को अपनी फिल्म 'अपुर संसार' में युवा अपू का किरदार ऑफर किया। यह फिल्म 'द अपू ट्रिलॉजी' का तीसरा हिस्सा थी और साल 1959 में रिलीज हुई थी। इसी फिल्म से सौमित्र ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की।
सौमित्र चटर्जी और सत्यजीत रे की जोड़ी ने बंगाली सिनेमा को कई यादगार फिल्में दीं। 'अपुर संसार' के बाद दोनों ने 'देवी', 'चारुलता', 'कापुरुष' और 'शाखा प्रोशाखा' जैसी फिल्मों में साथ काम किया। दोनों के बीच तालमेल इतना शानदार था कि सत्यजीत रे ने कई किरदार सौमित्र को ध्यान में रखकर लिखे थे। सौमित्र ने रे की फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए और हर बार अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता।
सौमित्र चटर्जी ने मृणाल सेन, तपन सिन्हा, अजय कर, तरुण मजूमदार और अपर्णा सेन जैसे कई बड़े निर्देशकों के साथ भी काम किया। उनके करियर में ‘अकाश कुसुम’, ‘झिंदेर बंदी’, ‘परिणीता’, ‘तीन भुबनेर पारे’ और ‘कोनी’ जैसी फिल्में शामिल हैं।
अभिनय के अलावा सौमित्र को थिएटर, कविता और लेखन का भी शौक था। उन्होंने कई नाटकों में काम किया और कविता की 12 से ज्यादा किताबें प्रकाशित कीं।
सिनेमा और थिएटर में उनके योगदान के लिए सौमित्र चटर्जी को कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। साल 1999 में उन्हें फ्रांस के प्रतिष्ठित 'ऑर्डर ऑफ आर्ट्स एंड लेटर्स' के कमांडर सम्मान से नवाजा गया। वह यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय फिल्मी व्यक्तित्व थे।
इसके अलावा उन्हें 2004 में पद्म भूषण और 2012 में भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार और कई अन्य सम्मान भी मिले।
सौमित्र चटर्जी ने अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा कला और सिनेमा को समर्पित कर दिया। अक्टूबर 2020 में वह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे। बाद में उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी कई परेशानियों के कारण उनकी हालत गंभीर होती चली गई। 15 नवंबर 2020 को कोलकाता के एक अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।
--आईएएनएस
पीआईएम/एबीएम

