वंशज सिंह संग विवाद पर बोलीं रिद्धिमा पंडित, 'मुझे रेप और जान से मारने की मिल रहीं धमकियां'
मुंबई, 11 मार्च (आईएएनएस)। रियलिटी शोज में कई कलाकार इसलिए हिस्सा लेते हैं, ताकि लोग उन्हें सिर्फ उनके किरदारों से नहीं, बल्कि उनके असली स्वभाव से भी पहचानें। हाल ही में टीवी अभिनेत्री रिद्धिमा पंडित ने भी इसी वजह से रियलिटी शो 'द 50' में हिस्सा लिया था। हालांकि, शो में उनका सफर ज्यादा लंबा नहीं रहा, लेकिन शो के दौरान और उसके बाद हुए विवादों की वजह से वह लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। अब अभिनेत्री ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में शो में जाने की वजह, अपने स्वभाव और कंटेंट क्रिएटर वंशज सिंह के साथ हुए विवाद पर खुलकर बात की।
रिद्धिमा पंडित ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, ''रियलिटी शोज कलाकारों को बिना किसी स्क्रिप्ट के खुद को पेश करने का मौका देता हैं। मुझे इस शो का गेम कॉन्सेप्ट काफी पसंद आया था। शो में अलग-अलग तरह के टास्क और गेम्स के जरिए कंटेस्टेंट्स को अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलता है, जो काफी दिलचस्प लगा। मैं इस शो में इसलिए आई थी, क्योंकि मैं अपने फैंस को अपना असली रूप दिखाना चाहती थी। हालांकि, दुर्भाग्य से मुझे ज्यादा गेम खेलने का मौका नहीं मिला। शो में बहुत ज्यादा कंटेस्टेंट्स थे और कई बार मौके कुछ ही लोगों तक सीमित रह जाते थे। ऐसे में मैं उतना हिस्सा नहीं ले पाई, जितना लेना चाहती थी।''
रिद्धिमा ने इंटरव्यू में अपने स्वभाव के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, "मैं असल जिंदगी में झगड़ा करने वाली इंसान नहीं हूं। मुझे किसी से लड़ना पसंद नहीं है। आमतौर पर मैं विवादों से दूर रहना ही बेहतर समझती हूं। अगर कहीं कोई बहस या झगड़ा होता भी है तो मैं अक्सर उसे नजरअंदाज कर देती हूं।''
रिद्धिमा पंडित ने शो में कंटेंट क्रिएटर वंशज सिंह के साथ हुए विवाद पर भी बात की। उन्होंने कहा, "शो के दौरान हमारे बीच तीखी बहस हुई थी। अगर कोई नेशनल टेलीविजन पर मेरे बारे में कुछ गलत कहता है तो मेरे पास अपना बचाव करने का पूरा अधिकार है। मैं उसको जवाब जरूर दूंगी। यह मामला इतना आगे बढ़ा कि शो खत्म होने के बाद भी शांत नहीं हुआ। मुझे लगातार सोशल मीडिया पर परेशान किया जाने लगा। वंशज के कुछ फॉलोअर्स की तरफ से बेहद आपत्तिजनक मैसेज मिलने लगे।"
उन्होंने कहा, ''कुछ लोगों ने मुझे रेप और जान से मारने तक की धमकियां दीं। इस तरह की धमकियां किसी भी व्यक्ति को मानसिक रूप से परेशान कर सकती हैं। शुरुआत में मैंने इन बातों को नजरअंदाज करने की कोशिश की, लेकिन जब यह सिलसिला लगातार बढ़ता गया तो मैंने कानूनी कदम उठाने का फैसला किया।''
बता दें कि रिद्धिमा पंडित ने कंटेंट क्रिएटर वंशज सिंह को लीगल नोटिस भेजा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेत्री ने साइबर हैरेसमेंट का आरोप लगाते हुए संबंधित अधिकारियों से शिकायत भी की है।
--आईएएनएस
पीके/डीकेपी

