TV Serial Upcoming Twist: अनुपमा से तुलसी-मिहिर तक, इन 5 शोज में आएंगे बड़े ट्विस्ट; रिश्तों में मचेगा घमासान
टीवी सीरियल्स में कहानी को दिलचस्प बनाए रखने के लिए लगातार नए ट्विस्ट और ड्रामे जोड़े जा रहे हैं। आने वाले एपिसोड्स में 'अनुपमा', 'गंगा माई की बेटियां', 'तुम से तुम तक', 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' और 'वसुधा' में कई बड़े मोड़ देखने को मिलेंगे। कहीं परिवार के पुराने राज सामने आएंगे, तो कहीं रिश्तों में नई शुरुआत होती नजर आएगी।
'अनुपमा' में प्रेम के सामने खुलेगा बड़ा राज
रुपाली गांगुली स्टारर 'अनुपमा' में शाह हाउस का माहौल एक बार फिर गरम होने वाला है। गौतम और तोशू के बीच माही को लेकर बहस होगी। वहीं जया के खिलाफ की गई आपत्तिजनक बातों पर अनुपमा चुप नहीं रहेगी और पॉल को जवाब देगी।
घर और पैसों को लेकर अनुपमा और तोशू के बीच भी टकराव देखने को मिलेगा। कहानी का अहम मोड़ तब आएगा, जब प्रेम को मोटी बा की असली सच्चाई पता चलेगी। इसके बाद वह एक महत्वपूर्ण दस्तावेज पर हस्ताक्षर करता नजर आएगा।
उधर अनुपमा एक बार फिर अनुज की यादों में भावुक होगी। प्रेम और प्रेरणा के बीच बढ़ती नजदीकियां भी उसे परेशान करेंगी। अनुपमा को डर रहेगा कि कहीं दोनों का रिश्ता आगे चलकर वनराज और काव्या जैसी स्थिति में न पहुंच जाए।
'गंगा माई की बेटियां' में सामने आएगा तलाक का सच
जी टीवी के शो 'गंगा माई की बेटियां' में स्नेहा और सिद्धू के रिश्ते को लेकर बड़ा खुलासा होने वाला है। गंगा को पता चलेगा कि दोनों के बीच तलाक की स्थिति बन चुकी है और स्नेहा ने यह बात अपनी मां से छिपाई थी।
यह सच्चाई जानकर गंगा बेहद दुखी और नाराज होगी। स्नेहा रोते हुए अपनी मां से माफी मांगकर पूरी बात समझाने की कोशिश करेगी। दूसरी ओर सिद्धू की मां दुर्गावती इस रिश्ते को खत्म करने के लिए गंगा पर दबाव बनाएगी।
हालांकि, इंदु की साजिश के बीच सहाना सुरक्षित बच जाएगी। अब कहानी में यह देखना दिलचस्प होगा कि गंगा अपनी बेटी की शादी बचाने के लिए क्या कदम उठाती है।
'तुम से तुम तक' में बढ़ेगा अनु-आर्यवर्धन का रोमांस
'तुम से तुम तक' के आगामी एपिसोड में दही हांडी के मौके पर खूब मस्ती देखने को मिलेगी। अनु और कॉलोनी की महिलाएं दही हांडी चैलेंज में हिस्सा लेंगी। इस दौरान आर्यवर्धन अनु का हौसला बढ़ाएगा।
चैलेंज के दौरान अनु के गिरने पर आर्यवर्धन उसे संभाल लेगा। इस घटना के बाद दोनों के बीच नजदीकियां और बढ़ती दिखाई देंगी।
वहीं आर्यवर्धन इस समय अनु के मायके में रहकर परिवार की जिम्मेदारियां निभा रहा है। दूसरी ओर वह जल्द ही अपना नया बिजनेस शुरू करने की तैयारी में है, जिससे उसकी जिंदगी में एक नया अध्याय शुरू हो सकता है।
'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में मिहिर-तुलसी की होगी मुलाकात
स्मृति ईरानी के 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में गणेश चतुर्थी के जश्न के बीच बड़ा ट्विस्ट आने वाला है। तृप्ति को घर से बाहर किए जाने के बाद परिवार में तनाव बढ़ेगा और उसके साथ तीखी बहस देखने को मिलेगी।
वहीं सिड के सवालों के कारण तुलसी के लिए अनुपम कपाड़िया से जुड़ी सच्चाई छिपाना मुश्किल हो जाएगा। लेकिन शो का सबसे बड़ा मोड़ तब आएगा, जब मिहिर और तुलसी की सालों बाद मुलाकात होगी।
दोनों के आमने-सामने आने के बाद पुराने रिश्तों और यादों का सिलसिला फिर शुरू हो सकता है। उनकी मुलाकात विरानी परिवार में भी नया बवाल खड़ा कर सकती है।
'वसुधा' में फिर अपमान झेलेगी वसुधा
जी टीवी के शो 'वसुधा' में चौहान हाउस में आने वाले मेहमान कहानी को नया मोड़ देंगे। वसुधा जब उनका स्वागत करने पहुंचेगी तो मेहमान उसे घर की नौकरानी समझकर ताना मारेंगे और कहेंगे कि स्वागत घर की बहू को करना चाहिए।
इस घटना से वसुधा को परिवार के सामने अपमान का सामना करना पड़ेगा। इसी बीच देव और फूल की शादी की चर्चा शुरू होने से देव और वसुधा के रिश्ते में भी तनाव बढ़ सकता है।
उधर देव के मुंडवा गांव पहुंचने के बाद चंद्रिका की चिंता बढ़ती जा रही है। उसे डर है कि गांववालों को अगर वसुधा के उसकी बहू होने की जानकारी मिल गई तो उसकी जान खतरे में पड़ सकती है। अब आने वाले एपिसोड्स में देखना होगा कि वसुधा इस संकट से कैसे निकलती है और देव उसके लिए क्या कदम उठाता है।

