Samachar Nama
×

तुषार कपूर को लॉरेंस गैंग के हैरी बॉक्सर का बनकर दी धमकी, 5 करोड़ मांगे; पुलिस जांच में फर्जी निकला कॉल

तुषार कपूर को लॉरेंस गैंग के हैरी बॉक्सर का बनकर दी धमकी, 5 करोड़ मांगे; पुलिस जांच में फर्जी निकला कॉल

बॉलीवुड एक्टर तुषार कपूर को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर के नाम से धमकी भरा फोन कॉल आया है। फोन करने वाले ने एक्टर से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। मामले की जानकारी मिलते ही तुषार कपूर ने मुंबई पुलिस से शिकायत की। इसके बाद जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई।

न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, मुंबई क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम ने धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की। इसके लिए रिकॉर्डिंग में मौजूद आवाज का मिलान हैरी बॉक्सर के आधिकारिक ऑडियो सैंपल से किया गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, दोनों आवाजों में समानता नहीं मिली है।

इस जांच के बाद पुलिस को शक है कि तुषार कपूर को भेजी गई धमकी फर्जी हो सकती है। आशंका है कि किसी व्यक्ति ने लॉरेंस गैंग का नाम इस्तेमाल करके एक्टर को डराने और उनसे पैसे वसूलने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस उस शख्स की पहचान करने में जुटी है, जिसने धमकी भरा कॉल या ऑडियो भेजा था।

हैरी बॉक्सर पर रणवीर सिंह समेत कई हस्तियों को धमकाने का आरोप

लॉरेंस गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर पर फिल्म और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की कई हस्तियों को धमकी देने के आरोप लग चुके हैं। इनमें बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह का नाम भी शामिल है।

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, हैरी बॉक्सर ने रणवीर सिंह के मैनेजर को एक वॉइस नोट भेजकर 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। कथित तौर पर पैसे नहीं देने पर रणवीर सिंह और उनके स्टाफ को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।

इसके अलावा फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना में भी हैरी बॉक्सर और लॉरेंस गैंग का नाम सामने आया था। बताया गया था कि इस घटना की जिम्मेदारी एक वॉइस नोट के जरिए ली गई थी।

पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा को भी कथित तौर पर हैरी बॉक्सर की ओर से धमकी दी गई थी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो में दावा किया गया था कि सलमान खान से नजदीकियों के चलते गुरु रंधावा के दिल्ली स्थित एक जिम पर फायरिंग कराई गई थी। साथ ही उन्हें आगे के लिए चेतावनी भी दी गई थी।

कॉमेडियन कपिल शर्मा भी कथित तौर पर गैंग के निशाने पर रह चुके हैं। कनाडा में उनके कैफे पर फायरिंग की घटनाएं सामने आई थीं।

'गोलमाल' फ्रेंचाइजी से मिली तुषार कपूर को खास पहचान

तुषार कपूर बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता जितेंद्र और फिल्म प्रोड्यूसर शोभा कपूर के बेटे हैं। उनकी बहन एकता कपूर टीवी और फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी प्रोड्यूसर हैं।

तुषार ने साल 2001 में फिल्म 'मुझे कुछ कहना है' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म में उनके साथ करीना कपूर नजर आई थीं। फिल्म को अच्छी सफलता मिली और तुषार को बेस्ट मेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला।

इसके बाद उन्होंने 'क्या दिल ने कहा', 'जीना सिर्फ मेरे लिए' और 'ये दिल' जैसी फिल्मों में काम किया। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता कॉमेडी फिल्मों से मिली। 'क्या कूल हैं हम', 'गोलमाल', 'गोलमाल रिटर्न्स' और 'गोलमाल 3' में उनके अभिनय को दर्शकों ने काफी पसंद किया। फिल्म 'शोर इन द सिटी' में उनके काम की भी तारीफ हुई।

तुषार कपूर आखिरी बार अक्षय कुमार की फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' में नजर आए थे। वहीं, वह जल्द ही 'गोलमाल 5' में एक बार फिर अपने चर्चित किरदार लकी के रूप में दिखाई देंगे।

सरोगेसी के जरिए बने थे बेटे लक्ष्य के पिता

तुषार कपूर ने अभी तक शादी नहीं की है। हालांकि, जून 2016 में सरोगेसी के जरिए वह एक बेटे के पिता बने थे, जिसका नाम उन्होंने लक्ष्य कपूर रखा। साल 2021 में उन्होंने अपनी किताब 'बैचलर डैड' भी लिखी थी। इस किताब में उन्होंने बिना शादी किए पिता बनने और सिंगल पैरेंट के रूप में अपने अनुभव साझा किए हैं।

Share this story

Tags