Box-office पर होगा बड़ा धमाका! विजय और रश्मिका की पीरियड एक्शन ड्रामा 'राणाबाली' इस दिन होगी रिलीज
विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की मचअवेटेड फिल्म ‘राणाबाली’ को लेकर फैंस का इंतजार अब खत्म होने वाला है। राहुल सांक्रित्यायन के निर्देशन में बन रही यह बिग बजट पीरियड फिल्म लंबे समय से चर्चा में है। फिल्म के फर्स्ट लुक, किरदारों और म्यूजिक से जुड़े अपडेट्स के बाद अब मेकर्स ने इसकी ग्लोबल थिएट्रिकल रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है।
मेकर्स के मुताबिक, ‘राणाबाली’ 16 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को दशहरे के आसपास रिलीज किया जा रहा है, ऐसे में इसकी कहानी में दिखाए जाने वाले अच्छाई और बुराई के संघर्ष को देखते हुए यह रिलीज डेट काफी खास मानी जा रही है।
नए पोस्टर में दिखा विजय देवरकोंडा का दमदार अंदाज
रिलीज डेट की घोषणा के साथ मेकर्स ने फिल्म का नया पोस्टर भी जारी किया है। इसमें विजय देवरकोंडा बेहद इंटेंस और रॉ लुक में नजर आ रहे हैं। आग और धुएं से भरे माहौल के बीच उनका किरदार काफी खतरनाक और प्रभावशाली दिखाई दे रहा है। पोस्टर में उनके हाथ में एक भारी घुमावदार हथियार भी नजर आता है, जिससे फिल्म के एक्शन और कहानी के पैमाने का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मेकर्स ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा कि इतिहास का सबसे अंधकारमय अध्याय इस अक्टूबर में खुलेगा और फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर में रिलीज होगी।
पीरियड कहानी पर आधारित है ‘राणाबाली’
राहुल सांक्रित्यायन के निर्देशन में बन रही ‘राणाबाली’ एक बड़े स्तर की ऐतिहासिक कहानी पर आधारित पीरियड सागा है। फिल्म में शानदार विजुअल्स, बड़े स्केल और दमदार एक्शन देखने को मिलने की उम्मीद है। फिल्म की कहानी में अच्छाई और बुराई के बीच संघर्ष को प्रमुखता से दिखाया जाएगा।
फिल्म के म्यूजिक की जिम्मेदारी मशहूर संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल ने संभाली है। ऐसे में फिल्म की कहानी के साथ इसका म्यूजिक भी दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहने वाला है।
विजय और रश्मिका की जोड़ी फिर आएगी नजर
‘राणाबाली’ में विजय देवरकोंडा के साथ रश्मिका मंदाना फीमेल लीड रोल में नजर आएंगी। दोनों की जोड़ी इससे पहले भी दर्शकों को पसंद आ चुकी है और एक बार फिर उन्हें बड़े पर्दे पर साथ देखने को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं।
फिल्म में इंटरनेशनल एक्टर अर्नोल्ड वॉस्लू भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। उनकी मौजूदगी से फिल्म का इंटरनेशनल अपील और बढ़ने की उम्मीद है।
बड़े बजट में तैयार हो रही है फिल्म
‘राणाबाली’ का निर्माण माइथ्री मूवी मेकर्स और टी-सीरीज के सहयोग से किया जा रहा है। वाई. रवि शंकर और नवीन येरनेनी इसके प्रोड्यूसर हैं। बड़े बजट, पीरियड सेटिंग, दमदार स्टारकास्ट और शानदार म्यूजिक के चलते फिल्म को 2026 की बड़ी फिल्मों में शामिल माना जा रहा है।‘राणाबाली’ 16 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

