कैमरे के पीछे का सच! 'आश्रम' की बबीता भाभी ने बताया बॉबी देओल के साथ कैसे शूट हुआ था किसिंग सीन
वेब सीरीज आश्रम के फैंस के लिए अच्छी खबर है। सीरीज का चौथा सीजन जल्द ही दर्शकों के बीच आने वाला है। इसकी शूटिंग जयपुर में शुरू हो चुकी है। सीजन 4 में बॉबी देओल, त्रिधा चौधरी समेत पिछली कास्ट के कई कलाकार एक बार फिर अपने किरदारों में नजर आएंगे।
आश्रम के अब तक तीन सीजन रिलीज हो चुके हैं और तीनों को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। बाबा निराला, बबीता और पम्मी जैसे किरदारों ने अपनी अलग पहचान बनाई। अब फैंस यह जानने के लिए उत्साहित हैं कि प्रकाश झा चौथे सीजन में कहानी को किस दिशा में लेकर जाते हैं।
बॉबी देओल के साथ इंटीमेट सीन पर क्या बोलीं त्रिधा?
त्रिधा चौधरी ने एनडीटीवी से बातचीत में आश्रम से जुड़ी कई पुरानी यादें साझा कीं। बॉबी देओल और वरुण धवन जैसे कलाकारों के साथ स्क्रीन पर किसिंग सीन को लेकर उन्होंने कहा कि किसी ऐसे व्यक्ति को किस करना आसान नहीं होता, जिसके लिए आपके मन में निजी तौर पर कोई भावना न हो।
एक्ट्रेस के मुताबिक, यही एक्टिंग है। कलाकार को अपने निजी भावनाओं से अलग होकर किसी भी सीन को पूरी गंभीरता के साथ पर्दे पर निभाना पड़ता है।
त्रिधा ने आश्रम के प्रमोशन के दौरान कपिल शर्मा के शो में जाने का किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि उस दौरान कपिल शर्मा ने मजाक में उनसे कहा था कि आश्रम में बॉबी देओल के साथ जो सीन उन्होंने किए हैं, वह भी बॉबी का किरदार निभाना चाहते हैं। यह एपिसोड काफी चर्चा में रहा था। त्रिधा ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब वह बॉबी देओल की फिल्म में उनकी पत्नी का किरदार भी निभा चुकी हैं।
आश्रम के सेट पर खाने से जुड़ा मजेदार किस्सा
त्रिधा ने शूटिंग के दिनों की एक और याद शेयर की। उन्होंने बताया कि वह खाने की काफी शौकीन हैं और शूटिंग के दौरान उन्होंने बहुत ज्यादा मसालेदार खाना खा लिया था। इसके बाद उनकी तबीयत खराब हो गई और उन्हें दोबारा मेकअप करवाना पड़ा।
आश्रम की शूटिंग के दौरान हुए विवादों पर बात करते हुए एक्ट्रेस ने कहा कि वह उस समय भोपाल में मौजूद नहीं थीं। उन्होंने कहा कि कला को अपनी बात कहने की आजादी होनी चाहिए, लेकिन किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना कला का उद्देश्य नहीं होना चाहिए।
बबीता के किरदार को लेकर बोलीं त्रिधा
त्रिधा ने बताया कि जब उन्हें आश्रम में बबीता का किरदार मिला, तब ओटीटी का दौर तेजी से आगे बढ़ रहा था। प्रकाश झा ने उन्हें इस सीरीज में काम करने का मौका दिया और उनके लिए एक मजबूत किरदार तैयार किया।
एक्ट्रेस ने बताया कि कई बार लोग उन्हें शूटिंग के बाहर भी बबीता के किरदार की तरह ही ट्रीट करते थे। उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जब वह दूसरी फिल्म की शूटिंग कर रही थीं, तब कुछ लोग उन्हें देखकर आश्रम के किरदारों से जुड़ी बातें कहने लगे। इससे उन्हें महसूस हुआ कि दर्शकों ने बबीता के किरदार को कितना अपना लिया था।
चंदन रॉय के साथ खास बॉन्डिंग
त्रिधा ने चंदन रॉय के साथ अपनी दोस्ती के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि दोनों बंगाली हैं और खाने को लेकर उनकी अच्छी बॉन्डिंग है। इसके अलावा दोनों को संगीत पसंद है और वे सेट पर दूसरी चीजों को लेकर भी खूब मस्ती करते हैं।
2013 में शुरू किया था करियर
त्रिधा चौधरी ने साल 2013 में एक बंगाली फिल्म से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने तेलुगु और तमिल फिल्मों में भी काम किया। बाद में वह हिंदी शॉर्ट फिल्मों और वेब सीरीज का हिस्सा बनीं।
एक्ट्रेस स्पॉटलाइट, दुल्हा वांटेड समेत कई वेब सीरीज में नजर आ चुकी हैं। टीवी की दुनिया में भी उन्होंने काम किया है और 2016 में आए सीरियल देहलीज में अहम भूमिका निभाई थी। अब त्रिधा ओटीटी और हिंदी मनोरंजन जगत का जाना-पहचाना चेहरा हैं और जल्द ही आश्रम सीजन 4 में बबीता के किरदार के साथ वापसी करने वाली हैं।

