अल्लू अर्जुन की प्रॉपर्टी कहे जाने पर भड़कीं एक्ट्रेस, फुटेज में देखें बोलीं “कोई महिला किसी की प्रॉपर्टी नहीं होती”
साउथ फिल्म इंडस्ट्री की अभिनेत्री सीरत कपूर ने सोशल मीडिया पर एक यूजर को करारा जवाब देकर महिलाओं के सम्मान को लेकर मजबूत संदेश दिया है। आमतौर पर सेलिब्रिटीज ट्रोलिंग और भद्दे कमेंट्स को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन इस बार सीरत कपूर ने चुप रहने के बजाय खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
दरअसल, 8 मार्च को साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन ने अपना 44वां जन्मदिन मनाया। इस खास मौके पर सीरत कपूर ने सोशल मीडिया पर अल्लू अर्जुन के साथ एक तस्वीर साझा की, जिसमें दोनों एक्टर के प्राइवेट जेट में बैठे नजर आ रहे थे। तस्वीर शेयर करते हुए सीरत ने अल्लू अर्जुन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उन्हें टैग भी किया।
पोस्ट के बाद एक सोशल मीडिया यूजर ने अभिनेत्री पर आपत्तिजनक और भद्दा कमेंट किया। यूजर ने ऐसा शब्द इस्तेमाल किया, जिसे सीरत ने महिलाओं के प्रति अपमानजनक माना। इस पर अभिनेत्री ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए उसे कड़ा जवाब दिया।
सीरत कपूर ने कमेंट का जवाब देते हुए लिखा, “सिर्फ कोई इमोजी जोड़ देने से बात सम्मानजनक नहीं हो जाती सर। कोई भी महिला किसी की प्रॉपर्टी नहीं होती। उसकी अपनी पहचान, अपने सपने और अपनी आवाज होती है। तारीफ कीजिए, लेकिन मालिकाना हक जताकर नहीं। भगवान आपका भला करे।”
सीरत का यह जवाब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि उन्होंने बेहद शालीन लेकिन मजबूत तरीके से महिलाओं के सम्मान का मुद्दा उठाया है।
सोशल मीडिया पर अक्सर अभिनेत्री और महिला सेलिब्रिटीज को इस तरह की टिप्पणियों का सामना करना पड़ता है। हालांकि, सीरत कपूर की प्रतिक्रिया को कई यूजर्स “सटीक और जरूरी जवाब” बता रहे हैं।
फिलहाल अभिनेत्री का यह पोस्ट और जवाब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोग उनके समर्थन में अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

