तेलुगु डायरेक्टर के. राघवेंद्र राव का वीडियो वायरल, कीर्ति सुरेश और कृति शेट्टी के साथ व्यवहार पर उठे सवाल
तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के वरिष्ठ निर्देशक के. राघवेंद्र राव सोशल मीडिया पर विवादों में आ गए हैं। हैदराबाद में डायरेक्टर अनिल रविपुडी की नई फिल्म के लॉन्च इवेंट के दौरान उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे एक्ट्रेस कीर्ति सुरेश और कृति शेट्टी का हाथ पकड़कर उन्हें स्टेज पर अपनी ओर खींचते नजर आ रहे हैं।
यह घटना उस समय हुई जब इवेंट में फिल्म का उद्घाटन शॉट फिल्माया जा रहा था और के. राघवेंद्र राव इसे डायरेक्ट कर रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर इसे लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।
कई यूजर्स ने इस व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए इसे अनुचित बताया और सवाल उठाया कि क्या बिना अनुमति के इस तरह किसी को स्टेज पर खींचना सही है। कुछ लोगों ने लिखा कि डायरेक्टर चाहें तो बिना शारीरिक संपर्क के भी एक्ट्रेसेस को पोजिशन समझा सकते थे।
सोशल मीडिया पर बढ़ते विवाद के बाद यह मुद्दा तेजी से चर्चा में आ गया है और यूजर्स दो हिस्सों में बंटे नजर आ रहे हैं—कुछ इसे इवेंट डायरेक्शन का हिस्सा बता रहे हैं, जबकि कई इसे व्यक्तिगत सीमा का उल्लंघन मान रहे हैं। हालांकि इस पूरे मामले पर अभी तक न तो के. राघवेंद्र राव और न ही दोनों अभिनेत्रियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।
के. राघवेंद्र राव लंबे समय से साउथ फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज निर्देशक माने जाते हैं, जबकि कीर्ति सुरेश और कृति शेट्टी युवा पीढ़ी की प्रमुख अभिनेत्रियों में शामिल हैं।फिलहाल सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर बहस जारी है और यूजर्स लगातार इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

