स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रिलीज होगी 'आवारापन 2', आइकॉनिक किरदार शिवम पंडित के रूप में लौटेंगे इमरान हाशमी
मुंबई, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। बॉलीवुड में जब भी किसी पुरानी और पसंदीदा फिल्म के सीक्वल की घोषणा होती है, तो दर्शकों की उत्सुकता अपने आप बढ़ जाती है। इस कड़ी में 'आवारापन- 2' को लेकर ऐसा ही उत्साह देखने को मिल रहा है। फैंस इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में अभिनेता इमरान हाशमी ने इसकी रिलीज डेट से पर्दा उठा दिया है।
इमरान हाशमी ने मंगलवार को इंस्टाग्राम स्टोरी पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, इनमें से पहली तस्वीर में एक्ट्रेस दिशा पाटनी के हाथ नजर आ रहे हैं और वह मसकली को उड़ाती हुई नजर आ रही है। एक अन्य तस्वीर में उस चिड़िया का टैटू है और हाथ में एक काला धागा। इस पर लिखा है, "14 अगस्त 2026, इस तारीख को मार्क कर लें।"
इमरान हाशमी ने बताया कि 'आवारापन 2' 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह तारीख इसलिए खास मानी जा रही है, क्योंकि स्वतंत्रता दिवस के आसपास बड़ी फिल्मों के रिलीज होने का फायदा मिलता है। ऐसे में मेकर्स को उम्मीद है कि फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिलेगा।
इस फिल्म की एक और खास बात यह है कि इसमें एक बार फिर इमरान हाशमी और विशेष फिल्म्स साथ काम कर रहे हैं। दोनों की जोड़ी पहले भी कई फिल्मों में नजर आ चुकी है और दर्शकों ने उनके काम को काफी पसंद किया है।
फिल्म के बारे में बात करते हुए निर्माता विशेष भट्ट ने बताया, ''यह सिर्फ एक सीक्वल नहीं है, बल्कि एक इमोशन है, जिसे बड़े पर्दे पर ही सही तरीके से महसूस किया जा सकता है। फिल्म में शानदार लोकेशन्स और बड़े सीन जरूर होंगे, लेकिन इसकी असली ताकत इसकी कहानी, किरदार और संगीत में होगी। यह फिल्म सिर्फ दिखावे पर नहीं, बल्कि भावनाओं और गहराई पर भी ध्यान देगी।''
उन्होंने आगे कहा, "इमरान हाशमी अपने आइकॉनिक किरदार शिवम पंडित के रूप में नजर आएंगे। वह अपने रोल में पूरी तरह ढल गए हैं। पहली फिल्म में भी उनके किरदार को काफी पसंद किया गया था, और इस बार उनसे और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।"
'आवारापन' साल 2007 में रिलीज हुई थी, जिसे मुकेश भट्ट ने प्रोड्यूस किया था और मोहित सूरी ने डायरेक्ट किया था। इसमें इमरान हाशमी के साथ श्रिया सरन, मृणालिनी शर्मा और आशुतोष राणा भी अहम किरदार में नजर आए थे। अब 'आवारापन 2' का निर्देशन नितिन कक्कड़ कर रहे हैं और इसकी कहानी बिलाल सिद्दिकी ने लिखी है। फिलहाल फिल्म की शूटिंग अपने आखिरी चरण में है।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम

