Samachar Nama
×

Sunny Deol Film Surya: रिलीज से पहले कानूनी मुश्किलों में फंसी फिल्म, राजस्थान हाईकोर्ट ने केंद्र और सेंसर बोर्ड से मांगा जवाब

Sunny Deol Film Surya: रिलीज से पहले कानूनी मुश्किलों में फंसी फिल्म, राजस्थान हाईकोर्ट ने केंद्र और सेंसर बोर्ड से मांगा जवाब

सनी देओल की अपकमिंग फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' रिलीज से पहले विवादों में घिर गई है। फिल्म को लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की राजस्थान यूनिट ने राजस्थान हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। इस याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट की जयपुर बेंच ने केंद्र सरकार, सेंसर बोर्ड और फिल्म से जुड़े पक्षों को नोटिस जारी किया है। सभी से तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है। इस कानूनी विवाद के बीच फिल्म की रिलीज टलने की अटकलें भी तेज हो गई हैं।

डॉक्टरों की छवि खराब करने का आरोप

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की राजस्थान यूनिट की ओर से दाखिल याचिका में आरोप लगाया गया है कि फिल्म में मेडिकल एसोसिएशन और डॉक्टरों की छवि को गलत तरीके से पेश किया गया है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि इससे चिकित्सा समुदाय की प्रतिष्ठा प्रभावित हो सकती है।

राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर बेंच ने इस मामले में संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामले की सुनवाई जस्टिस समीर जैन की एकलपीठ ने की।

केंद्र सरकार ने याचिका का किया विरोध

सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से याचिका का विरोध किया गया। सरकार की तरफ से दलील दी गई कि फिल्म को देखे बिना ही उस पर सवाल उठाए जा रहे हैं। सेंसर बोर्ड विशेषज्ञों की स्क्रीनिंग कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर फिल्म को प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी करेगा।

हाईकोर्ट ने सभी पक्षों से जवाब मांगा है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 20 नवंबर को होगी। अदालत के अगले फैसले पर फिल्म की रिलीज से जुड़ी स्थिति भी निर्भर कर सकती है।

क्या 2027 तक टल जाएगी फिल्म की रिलीज?

'सूर्या: अंत से आरंभ तक' पहले 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी। लेकिन विवाद और कानूनी प्रक्रिया के चलते इसकी रिलीज को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है।

बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म की रिलीज को 2027 तक आगे बढ़ाए जाने की चर्चा है। रिपोर्ट में 15 जनवरी 2027 की संभावित तारीख का भी जिक्र किया गया है। हालांकि, फिल्म के निर्माताओं ने अब तक रिलीज डेट में बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। इसलिए फिलहाल इसे केवल अटकल के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।

मलयालम फिल्म 'जोसेफ' का हिंदी रीमेक है 'सूर्या'

सनी देओल की यह फिल्म 2018 में रिलीज हुई मलयालम फिल्म 'जोसेफ' का हिंदी रीमेक है। मूल फिल्म का निर्देशन एम. पद्मकुमार ने किया था और हिंदी संस्करण की जिम्मेदारी भी उन्होंने ही संभाली है।

फिल्म में सनी देओल के साथ रवि किशन, प्रज्ञा जायसवाल, मनीष वाधवा और टिन्नू आनंद जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा सनी देओल के पास कई अन्य प्रोजेक्ट भी हैं। इनमें 'गबरू' और 'रामायण पार्ट 2' शामिल हैं। 'रामायण पार्ट 2' में वह हनुमान की भूमिका निभाते दिखाई देंगे।

Share this story

Tags