अंबानी परिवार के गणेशोत्सव में सितारे: बप्पा के सामने झुका सलमान का सिर, सिद्धार्थ-कियारा ने भी लिया आशीर्वाद
मुंबई के एंटीलिया में अंबानी परिवार ने गणपति बप्पा का भव्य स्वागत किया। इस खास सेलिब्रेशन में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान भी पहुंचे। नए लुक में नजर आए सलमान ने एंटीलिया में पहुंचकर तस्वीरें क्लिक कराईं और इसके बाद गणपति बप्पा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।सलमान खान ने भगवान गणेश को फूल अर्पित किए। इस दौरान पंडित जी ने उन्हें तिलक लगाया और पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। सलमान पूरी श्रद्धा के साथ बप्पा के सामने हाथ जोड़ते नजर आए।
राधिका मर्चेंट ने दी भक्तिमय प्रस्तुति
गणपति सेलिब्रेशन की शुरुआत राधिका मर्चेंट की खास भरतनाट्यम प्रस्तुति से हुई। उन्होंने क्लासिकल अंदाज में भक्तिमय डांस परफॉर्मेंस दी। इस प्रस्तुति की कोरियोग्राफी मशहूर कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेंट ने की।
राधिका इस दौरान लाल साड़ी और हैवी जूलरी में बेहद खूबसूरत नजर आईं। उनका पारंपरिक लुक और भक्तिमय प्रस्तुति गणपति उत्सव का खास आकर्षण रही।
विक्की-कटरीना और सिद्धार्थ-कियारा ने भी किए दर्शन
अंबानी परिवार के गणपति सेलिब्रेशन में कई बॉलीवुड सितारे भी शामिल हुए। विक्की कौशल और कटरीना कैफ ने एंटीलिया पहुंचकर गणपति बप्पा का आशीर्वाद लिया और फूल अर्पित किए।
वहीं, सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी भी बप्पा के दर्शन करते नजर आए। दोनों ने हाथ जोड़कर भगवान गणेश से आशीर्वाद लिया।
पूजा में साथ नजर आया अंबानी परिवार
सेलिब्रेशन से पहले अंबानी परिवार ने परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों के साथ गणपति पूजा की। आरती के दौरान नीता अंबानी भक्ति में लीन नजर आईं। श्लोका अंबानी और राधिका मर्चेंट ने भी बप्पा का आशीर्वाद लिया।
गणपति बप्पा के स्वागत के लिए एंटीलिया को गेंदे के फूलों, खूबसूरत लाइटिंग और भव्य सजावट से सजाया गया था। इस मौके पर मुकेश अंबानी, नीता अंबानी, अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट पारंपरिक अंदाज में नजर आए।
नीता अंबानी ने गहरे लाल रंग का पारंपरिक परिधान और शानदार गहने पहने थे, जबकि राधिका मर्चेंट नारंगी रंग के कढ़ाईदार एथनिक आउटफिट में नजर आईं।

