SRK@61 Special: शाहरुख खान का वो अंदाज, जब पर्दे के बाहर भी बने 'एक्शन हीरो', कभी तलवार लेकर पत्रकार के घर पहुंचे तो कभी सलमान से भिड़े
बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान फिल्मों में अपने रोमांटिक अंदाज और दमदार एक्शन के लिए मशहूर हैं। पर्दे पर वह कभी प्यार के लिए दुनिया से लड़ते नजर आते हैं, तो कभी दुश्मनों को धूल चटाते हैं। लेकिन असल जिंदगी में भी शाहरुख कई बार ऐसे तेवर दिखा चुके हैं, जिनकी चर्चा आज तक होती है। कभी अपनी इज्जत पर सवाल उठाने वाले पत्रकार को सबक सिखाने तलवार लेकर पहुंच गए, तो कभी फिल्म की शूटिंग के दौरान लड़कियों से बदसलूकी करने वाले युवकों की पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, सलमान खान से लेकर शिरीष कुंदर तक के साथ उनके झगड़े भी खूब सुर्खियों में रहे।
शाहरुख खान के जन्मदिन के मौके पर आइए जानते हैं उनकी जिंदगी से जुड़े ऐसे ही 8 दिलचस्प किस्से, जब बॉलीवुड के किंग खान ने पर्दे से बाहर अपना एक्शन अवतार दिखाया।
1. हीरोइन से अफेयर की खबर छापने वाले पत्रकार के घर तलवार लेकर पहुंच गए
शाहरुख खान ने साल 1992 में फिल्म 'दीवाना' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके कुछ समय बाद वह फिल्म 'माया मेमसाब' की शूटिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक मैगजीन ने शाहरुख और फिल्म की अभिनेत्री दीपा साही को लेकर विवादित खबर प्रकाशित कर दी।
मैगजीन के कवर पर शाहरुख की तस्वीर के साथ दावा किया गया कि अभिनेत्री के साथ सहज होने के लिए उन्होंने उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। यह खबर पढ़ते ही शाहरुख का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने तुरंत मैगजीन के एडिटर को फोन किया और पूछा कि आखिर ऐसी खबर क्यों छापी गई।
जब एडिटर ने इसे मजाक बताया, तो शाहरुख ने जमकर खरी-खोटी सुनाई। मामला यहीं नहीं रुका। उसी शाम वह अपने ससुर से मिली तलवार लेकर संबंधित पत्रकार के घर पहुंच गए। वहां पार्टी चल रही थी। शाहरुख ने गुस्से में पत्रकार के सामने तलवार तान दी और उसके परिवार के सामने भी नाराजगी जाहिर की।
इस घटना के बाद पत्रकार ने पुलिस में शिकायत कर दी। अगले दिन जब शाहरुख फिल्म की शूटिंग कर रहे थे, तब पुलिस उन्हें थाने ले गई। शाम होने के कारण उनकी जमानत नहीं हो पाई और उन्हें जेल में रहना पड़ा। इस दौरान अभिनेता नाना पाटेकर ने उनकी जमानत कराने में मदद की थी। शाहरुख ने यह किस्सा साल 2012 में थिंक फेस्ट के दौरान खुद सुनाया था।
2. लड़कियों से बदसलूकी करने वालों की लाठी से कर दी पिटाई
फिल्म 'करण अर्जुन' की शूटिंग के दौरान शाहरुख खान और सलमान खान राजस्थान में मौजूद थे। इसी फिल्म के एक गाने की शूटिंग चल रही थी, जिसमें कोरियोग्राफर चिन्नी प्रकाश की टीम की कई लड़कियां भी शामिल थीं।
शूटिंग के बीच गांव के कुछ युवक वहां पहुंच गए और टीम की लड़कियों के साथ बदसलूकी करने लगे। शुरुआत में उन्हें समझाकर वहां से भेजने की कोशिश की गई, लेकिन जब वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आए, तो शाहरुख ने सख्त रुख अपना लिया।
बताया जाता है कि शाहरुख ने लाठी उठाकर उन युवकों की पिटाई कर दी। सेट पर मौजूद लोग इस घटना के बाद घबरा गए थे। उन्हें डर था कि कहीं युवक दोबारा आकर हंगामा न कर दें। इसलिए टीम की लड़कियों को तुरंत सुरक्षित होटल पहुंचाया गया।
3. अंडरवर्ल्ड से मिली धमकी, शाहरुख ने कहा- मैं पठान हूं, गोली मारनी है तो मार दो
90 के दशक में बॉलीवुड में अंडरवर्ल्ड का दखल काफी बढ़ गया था। फिल्म निर्माताओं से पैसे वसूलने से लेकर कलाकारों पर खास फिल्मों में काम करने का दबाव बनाया जाता था। इनकार करने वालों को जान से मारने की धमकियां तक मिलती थीं।
इसी दौर में शाहरुख खान को भी अंडरवर्ल्ड की तरफ से धमकी भरा फोन आया था। बताया जाता है कि वह फिल्म 'दिल तो पागल है' की शूटिंग कर रहे थे, तभी अबू सलेम की तरफ से उन्हें फोन आया। उनसे एक खास प्रोड्यूसर की फिल्म में काम करने के लिए कहा गया।
शाहरुख ने विनम्रता से जवाब दिया कि वह पहले से कई फिल्मों में व्यस्त हैं और कोई नई फिल्म नहीं कर सकते। लेकिन फोन पर उन्हें धमकाया गया कि उनकी जान को खतरा हो सकता है।
इस पर शाहरुख ने बेखौफ अंदाज में जवाब दिया- 'मैं पठान हूं, गोली मारनी है तो मार दो। डरता नहीं हूं।'
कुछ समय बाद छोटा शकील की तरफ से भी उन्हें फोन आया। शाहरुख ने फिर फिल्म करने से इनकार कर दिया। हालांकि, इन धमकियों के बाद उन्होंने अपनी सुरक्षा बढ़ा दी और बुलेटप्रूफ कार भी खरीदी।
4. बेटी सुहाना के रोने पर मन्नत के बाहर हंगामा करने वालों को दी थी चेतावनी
साल 2007 में शाहरुख खान ने सैफ अली खान के साथ आईफा अवॉर्ड्स होस्ट किए थे। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेता अमर सिंह पर टिप्पणी की थी। इसके बाद उनके बयान से नाराज कुछ समर्थकों ने शाहरुख को निशाना बनाना शुरू कर दिया।
5 मार्च 2007 को शाहरुख के घर मन्नत के बाहर कुछ लोगों ने हंगामा किया और पत्थर फेंके। उस वक्त शाहरुख शूटिंग पर थे, जबकि उनकी पत्नी गौरी खान भी घर पर मौजूद नहीं थीं। घर में उनके बच्चे आर्यन और सुहाना थे।
भीड़ के हंगामे और पत्थरबाजी से बच्चे बुरी तरह डर गए। उस समय महज 6 साल की सुहाना जोर-जोर से रोने लगी थीं। बेटे आर्यन भी काफी घबरा गए थे। जैसे ही शाहरुख को इसकी जानकारी मिली, उन्होंने शूटिंग छोड़ दी और तुरंत घर पहुंचने की तैयारी की। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
इस घटना के कुछ दिनों बाद शाहरुख ने एक इंटरव्यू में कहा था कि अगर कोई उन्हें नुकसान पहुंचाने की धमकी देता है, तो वह अपने बच्चों के बारे में सोचकर डर जाते हैं। उन्होंने साफ कहा था कि वह अपने परिवार को लेकर बेहद प्रोटेक्टिव हैं और अगर पुलिस के पहुंचने से पहले वह वहां आ जाते, तो बेटी को रुलाने वालों को कभी नहीं बख्शते।
5. सलमान खान के साथ पार्टी में हुई बहस, हाथापाई तक पहुंच गई थी बात
एक समय ऐसा भी था जब शाहरुख खान और सलमान खान बॉलीवुड के सबसे अच्छे दोस्तों में गिने जाते थे। दोनों ने साथ फिल्मों में काम भी किया था। हालांकि, फिल्म 'चलते-चलते' की शूटिंग के दौरान ऐश्वर्या राय को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों के रिश्तों में खटास आ गई।
काफी समय तक दोनों के बीच बातचीत बंद रही। बाद में फराह खान की शादी में दोनों के बीच सुलह हो गई और दोस्ती फिर से शुरू हो गई।
लेकिन साल 2008 में सलमान खान की गर्लफ्रेंड कटरीना कैफ की बर्थडे पार्टी में एक बार फिर दोनों के बीच विवाद हो गया। शाहरुख अपनी पत्नी गौरी के साथ पार्टी में पहुंचे थे। वहां मजाक-मजाक में सलमान ने शाहरुख के टीवी शो 'क्या आप पांचवीं पास से तेज हैं?' को लेकर टिप्पणी कर दी।
शाहरुख को अपने काम का मजाक उड़ाया जाना पसंद नहीं आया और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि हाथापाई की नौबत आ गई। आखिरकार संजय दत्त ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। इसके बाद शाहरुख गौरी के साथ पार्टी छोड़कर चले गए। हालांकि, अब दोनों के रिश्ते फिर से अच्छे हो चुके हैं।
6. फिल्म 'रा.वन' का मजाक उड़ाने पर फराह खान के पति को जड़ दिया थप्पड़
शाहरुख खान और फराह खान की दोस्ती काफी पुरानी रही है। फराह ने शाहरुख के साथ कई फिल्मों में काम किया है। लेकिन एक पार्टी में उनकी दोस्ती के बीच भी विवाद आ गया था।
दरअसल, संजय दत्त ने अपनी फिल्म 'अग्निपथ' की सफलता के बाद एक पार्टी रखी थी। इस पार्टी में शाहरुख खान के अलावा फराह खान अपने पति शिरीष कुंदर के साथ पहुंची थीं।
उस समय शाहरुख की फिल्म 'रा.वन' बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। पार्टी के दौरान शिरीष कुंदर ने फिल्म की असफलता को लेकर शाहरुख का मजाक उड़ाना शुरू कर दिया। यह बात शाहरुख को इतनी बुरी लगी कि उन्होंने गुस्से में शिरीष को थप्पड़ मार दिया।
इस घटना के बाद फराह खान नाराज होकर पार्टी से चली गईं। मामला मीडिया में खूब उछला। हालांकि, अगले ही दिन शिरीष कुंदर ने शाहरुख से माफी मांग ली और विवाद शांत हो गया।
7. आमिर खान ने कुत्ते का नाम शाहरुख रखा, तो किंग खान ने भी दिया करारा जवाब
शाहरुख खान और आमिर खान के बीच भी एक समय जुबानी तकरार देखने को मिली थी। इसकी शुरुआत मई 2008 में हुई, जब आमिर खान ने अपने ब्लॉग पर एक पोस्ट लिखी थी।
आमिर ने बताया था कि उनके फार्महाउस में एक कुत्ता है, जिसका नाम शाहरुख है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा था कि शाहरुख उनके पैर चाट रहा है और वह उसे बीच-बीच में बिस्किट खिला रहे हैं।
इस पोस्ट को लेकर काफी विवाद हुआ और आमिर की आलोचना भी हुई। कुछ समय बाद जब आमिर अपनी फिल्म '3 इडियट्स' के प्रमोशन में अलग-अलग रूप बदलकर लोगों के बीच पहुंच रहे थे, तब शाहरुख से इस बारे में सवाल किया गया।
जवाब में शाहरुख ने आमिर के इस तरीके को 'छिछोरापन' बता दिया। उन्होंने कहा कि फिल्म के प्रचार के लिए इस तरह की हरकतों की जरूरत नहीं होनी चाहिए। उनके इस बयान के बाद दोनों सितारों के बीच जुबानी जंग की चर्चा तेज हो गई।
8. बच्चों से बदसलूकी पर स्टेडियम में सिक्योरिटी गार्ड से भिड़ गए शाहरुख
साल 2012 में शाहरुख खान अपने परिवार और करीब 40 बच्चों के साथ आईपीएल मैच देखने वानखेड़े स्टेडियम पहुंचे थे। उस दिन उनकी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स से था।
मैच के दौरान शाहरुख के बच्चे सुहाना और आर्यन दूसरे बच्चों के साथ एक तरफ खड़े थे। इसी बीच वहां मौजूद एक सिक्योरिटी गार्ड ने बच्चों के साथ कथित तौर पर बदसलूकी की और उन्हें अपशब्द कहते हुए वहां से हटाने लगा।
जब शाहरुख को इस घटना की जानकारी मिली, तो वह गुस्से में आ गए और सिक्योरिटी गार्ड से भिड़ गए। देखते ही देखते मामला काफी बढ़ गया। इस घटना के बाद मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने शाहरुख खान के वानखेड़े स्टेडियम में प्रवेश पर पांच साल का प्रतिबंध लगा दिया।
घर लौटने के बाद गौरी और उनके बच्चे भी शाहरुख के इस व्यवहार से नाराज थे। बेटे आर्यन ने उनसे कहा कि उन्हें मारपीट नहीं करनी चाहिए थी। वहीं सुहाना ने भी समझाया कि एक बड़े स्टार होने के नाते उन्हें शांति से पेश आना चाहिए। बाद में शाहरुख ने 'आप की अदालत' में इस घटना पर बात की और अपने व्यवहार के लिए माफी भी मांगी।
ऐसे शुरू हुआ था दिल्ली के लड़के शाहरुख खान का बॉलीवुड सफर
2 नवंबर 1965 को दिल्ली के राजेंद्र नगर में जन्मे शाहरुख खान आज दुनिया के सबसे लोकप्रिय फिल्म सितारों में शामिल हैं। लेकिन उनका यहां तक पहुंचने का सफर बिल्कुल आसान नहीं था।
उनके पिता मीर ताज मोहम्मद अफगानिस्तान से भारत आए थे और उनकी मां लतीफ फातिमा पढ़ी-लिखी और सामाजिक कार्यों से जुड़ी महिला थीं। शाहरुख ने बचपन का कुछ समय मैंगलोर में अपने नाना-नानी के साथ भी बिताया था।
पढ़ाई के साथ खेलों में भी थे माहिर
शाहरुख खान ने दिल्ली के सेंट कोलंबस स्कूल से पढ़ाई की। पढ़ाई के अलावा उन्हें हॉकी और फुटबॉल खेलने का भी काफी शौक था। खेलों में शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें स्कूल का प्रतिष्ठित 'स्वॉर्ड ऑफ ऑनर' अवॉर्ड भी मिला था।
शाहरुख का सपना एक स्पोर्ट्समैन बनने का था, लेकिन खेलते समय कंधे पर गंभीर चोट लगने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें खेल से दूर रहने की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने अभिनय की दुनिया की तरफ रुख किया।
उन्होंने हंसराज कॉलेज से इकोनॉमिक्स की पढ़ाई की और दिल्ली के थिएटर एक्शन ग्रुप से जुड़कर बैरी जॉन से अभिनय की बारीकियां सीखीं। बाद में उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया में मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई शुरू की, लेकिन अभिनय में करियर बनाने के लिए इसे बीच में ही छोड़ दिया।
टीवी से शुरू हुआ अभिनय का सफर
शाहरुख खान ने अपने करियर की शुरुआत छोटे पर्दे से की थी। उनका शुरुआती टीवी शो 'दिल दरिया' था, जिसकी शूटिंग 1988 में शुरू हुई थी। हालांकि, यह शो देरी से प्रसारित हुआ और इससे पहले 1989 में आए टीवी शो 'फौजी' से उन्हें पहचान मिलने लगी।
इसके बाद वह 'सर्कस', 'उम्मीद' और 'इडियट' जैसे टीवी शोज में नजर आए। उनके अभिनय की तुलना दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार से होने लगी थी। कई लोग उन्हें फिल्मों में काम करने की सलाह देते थे, लेकिन उस समय शाहरुख खुद को फिल्मी हीरो बनने के लायक नहीं मानते थे।
हेमा मालिनी ने पहले किया रिजेक्ट, फिर बनाया फिल्म का हीरो
शाहरुख खान के करियर में हेमा मालिनी की भी अहम भूमिका रही। एक बार उन्हें हेमा मालिनी से मिलने का मौका मिला, लेकिन शुरुआत में वह इस मुलाकात को लेकर गंभीर नहीं थे।
बाद में हेमा मालिनी ने अपनी फिल्म 'दिल आशना है' के लिए शाहरुख को बुलाया। हेमा की आत्मकथा के मुताबिक, शुरुआत में उन्हें शाहरुख के बाल और तेजी से बोलने का अंदाज पसंद नहीं आया था। हालांकि, बाद में उन्होंने शाहरुख को ही फिल्म में मुख्य भूमिका के लिए चुन लिया।
कहा जाता है कि शूटिंग शुरू होने के बाद हेमा मालिनी अपनी गुरु मां इंदिरा के पास शाहरुख की तस्वीर लेकर गई थीं। तस्वीर देखकर गुरु मां ने भविष्यवाणी की थी कि यह लड़का एक दिन फिल्म इंडस्ट्री का चेहरा बदल देगा। आगे चलकर उनकी यह बात सच साबित हुई।
'बाजीगर' और 'डर' ने बना दिया सुपरस्टार
शाहरुख खान की शुरुआती फिल्मों में 'दिल आशना है', 'दीवाना', 'राजू बन गया जेंटलमैन' और 'चमत्कार' शामिल रहीं। इसके बाद फिल्म 'बाजीगर' और 'डर' में नेगेटिव किरदार निभाकर उन्होंने दर्शकों का ध्यान खींचा।
धीरे-धीरे शाहरुख रोमांटिक हीरो के रूप में भी लोकप्रिय हो गए और बॉलीवुड में उनकी पहचान किंग खान के तौर पर बन गई।
शाहरुख खान को मिले कई बड़े सम्मान
शाहरुख खान ने अपने लंबे करियर में कई उपलब्धियां हासिल की हैं।
-
साल 2005 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया।
-
वह बेस्ट एक्टर की कैटेगरी में 8 फिल्मफेयर अवॉर्ड जीत चुके हैं।
-
साल 2007 में फ्रांस के प्रतिष्ठित ऑर्डर ऑफ आर्ट्स एंड लेटर्स से सम्मानित हुए।
-
साल 2014 में फ्रांस का लीजन ऑफ ऑनर मिला।
-
साल 2018 में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम ने उन्हें क्रिस्टल अवॉर्ड दिया।
-
सिनेमा में योगदान के लिए कई विदेशी विश्वविद्यालयों ने उन्हें मानद डॉक्टरेट की उपाधि दी।
-
शाहरुख और गौरी खान ने साल 2002 में रेड चिलीज एंटरटेनमेंट की शुरुआत की।
-
मई 2025 में शाहरुख पहली बार मेट गाला में शामिल हुए और इस प्रतिष्ठित फैशन इवेंट में पहुंचने वाले पहले भारतीय पुरुष अभिनेता बने।
दिल्ली से निकलकर बॉलीवुड के बादशाह बनने तक शाहरुख खान की कहानी संघर्ष, मेहनत और कामयाबी की मिसाल है। पर्दे पर रोमांस के बादशाह कहे जाने वाले शाहरुख की निजी जिंदगी के ये किस्से बताते हैं कि उनका गुस्सैल और बेबाक अंदाज भी हमेशा सुर्खियों में रहा है।

