सोनू निगम को गर्दन में नस दबने की समस्या, वीडियो में देंखे इलाज के बावजूद परफॉर्मेंस जारी रखने का फैसला
प्रसिद्ध गायक Sonu Nigam ने अपने फैंस को एक वीडियो के जरिए बताया है कि उन्हें गर्दन की नस दबने की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। यह घटना 13 जून की बताई जा रही है, जिसकी जानकारी उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की।
वीडियो में सोनू निगम ने बताया कि वे पिछले एक सप्ताह से इस दर्द से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी MRI और CT स्कैन जैसी कई मेडिकल जांचें हो चुकी हैं, और डॉक्टरों की सलाह पर वे दवाइयों और फिजियोथैरेपी का सहारा ले रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें लगातार थकान और दर्द महसूस हो रहा है।
गायक ने बताया कि वर्तमान में वे पेनकिलर्स का सेवन कर रहे हैं, जिसके कारण उनके गले पर भी असर पड़ा है और आवाज में थोड़ी भारीपन महसूस हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि दवाओं के प्रभाव के कारण उनकी परफॉर्मेंस क्षमता पर असर पड़ा है और उनका आत्मविश्वास पहले की तुलना में थोड़ा कम हुआ है।
इसके बावजूद सोनू निगम ने बताया कि वे लंबे समय बाद स्टेज पर परफॉर्म करने जा रहे हैं। उनके अनुसार, यह शो करीब एक महीने और 10-12 दिन के अंतराल के बाद हो रहा है, और वे पूरी कोशिश कर रहे हैं कि दर्शकों के सामने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दे सकें।
Sonu Nigam ने अपने संदेश में कहा कि वे भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि स्टेज पर उन्हें शक्ति मिले ताकि वे अपने फैंस के लिए अच्छा प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि फिलहाल उनकी शारीरिक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं है, लेकिन फिर भी वे अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट्स को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। फैंस ने सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और उनके जज्बे की सराहना की है कि स्वास्थ्य समस्याओं के बावजूद वे अपने शो जारी रख रहे हैं।

