आमिर के ‘कभी नहीं मिले’ वाले बयान पर सोनम वांगचुक का तंज, वीडियो में बोले- शायद गजनी की वजह से याददाश्त चली गई
फिल्म 3 इडियट्स को लेकर एक बार फिर आमिर खान और सोनम वांगचुक के बीच बयानबाजी चर्चा में है। आमिर खान ने हाल ही में कहा था कि फिल्म बनाने से पहले उनकी सोनम वांगचुक से कभी मुलाकात नहीं हुई थी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि फिल्म में आमिर का निभाया फुंसुक वांगडू का किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित नहीं था। अब वांगचुक ने आमिर के इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए उन पर तंज कसा है। सोनम वांगचुक ने प्रखर गुप्ता के साथ एक पॉडकास्ट में इस पूरे मामले पर बात की। उन्होंने दावा किया कि आमिर खान से उनकी विस्तार से मुलाकात हुई थी और दोनों के बीच कई मुद्दों पर बातचीत भी हुई थी।
‘उन्होंने कहा कि हम कभी नहीं मिले’
पॉडकास्ट में सोनम वांगचुक ने आमिर खान के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें अभिनेता ने उनसे कभी नहीं मिलने की बात कही थी। वांगचुक ने कहा कि आमिर के बयान के बाद कुछ वीडियो सामने आए, जिनमें अभिनेता उनकी बात सुनते हुए दिखाई दे रहे थे।वांगचुक के मुताबिक, इन वीडियो में आमिर खान गजनी की वेशभूषा में उनका भाषण देखते नजर आ रहे थे। इसी को लेकर उन्होंने अभिनेता पर व्यंग्य करते हुए कहा कि शायद गजनी का किरदार निभाने की वजह से कुछ समय के लिए उनकी याददाश्त चली गई होगी।उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि शायद आमिर को 15 मिनट बाद वह सब भूल गया हो। हालांकि, वांगचुक ने यह भी कहा कि उन्हें आमिर के बयान पर ज्यादा हैरानी नहीं हुई।
‘हमारी विस्तार से मुलाकात हुई थी’
सोनम वांगचुक ने दावा किया कि आमिर खान के साथ उनकी केवल औपचारिक मुलाकात नहीं हुई थी, बल्कि दोनों के बीच विस्तार से बातचीत हुई थी। उन्होंने कहा कि उस मुलाकात के दौरान कई विचारों और मुद्दों पर चर्चा हुई थी।वांगचुक ने बताया कि आमिर एक ऐसे पुरस्कार समारोह में मौजूद थे, जहां उन्हें सम्मानित किया गया था। उनके मुताबिक, उस कार्यक्रम में दोनों की मुलाकात हुई और बातचीत भी हुई थी।उन्होंने कहा कि इसी वजह से आमिर का यह कहना कि वे कभी नहीं मिले, उन्हें अजीब लगा।
गजनी के किरदार को लेकर किया तंज
सोनम वांगचुक ने आमिर खान की फिल्मों में अपने किरदारों में गहराई से उतरने की शैली का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने सुना है कि आमिर अपने किरदारों में बहुत गहराई से उतर जाते हैं।इसी बात को आधार बनाते हुए उन्होंने अभिनेता पर तंज कसा कि शायद वे गजनी के किरदार में इतने डूब गए थे कि उस पुरस्कार समारोह को ही भूल गए, जहां वांगचुक को सम्मान दिया गया था।वांगचुक ने दोहराया कि उस मौके पर उनकी आमिर से विस्तार से मुलाकात हुई थी और दोनों ने कई विचारों पर चर्चा की थी।
3 इडियट्स के फुंसुक वांगडू पर विवाद
फिल्म 3 इडियट्स साल 2009 में रिलीज हुई थी और इसमें आमिर खान ने रैंचो का किरदार निभाया था। फिल्म में एक वैज्ञानिक और शिक्षक फुंसुक वांगडू का किरदार भी महत्वपूर्ण था। लंबे समय से यह चर्चा होती रही है कि यह किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित था।हालांकि, आमिर खान ने हालिया बयान में इस दावे से इनकार करते हुए कहा था कि फिल्म बनने से पहले वे सोनम वांगचुक से नहीं मिले थे और फुंसुक वांगडू का किरदार उनसे प्रेरित नहीं था।अब सोनम वांगचुक के बयान ने इस पुराने विवाद को फिर चर्चा में ला दिया है। दोनों के बयानों में विरोधाभास के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं

