सिद्धार्थ रॉय कपूर ने दी नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि, बोले-गंभीर से कॉमेडी तक सबमें थे माहिर
मुंबई, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। फिल्म निर्माता सिद्धार्थ रॉय कपूर ने दिवंगत अभिनेता नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने नाना पाटेकर के अभिनय कला की तारीफ करते हुए बताया कि वे एक ऐसे अभिनेता थे, जो गंभीर भूमिकाओं से लेकर कॉमेडी में आसानी से ढल जाते थे।
सिद्धार्थ रॉय कपूर ने आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा, "मैं बस इतना कहना चाहूंगा कि वह एक शानदार अभिनेता थे। बहुत कम अभिनेता होते हैं, जो 'परिंदा' से लेकर 'वेलकम' तक की रेंज कर सकें। इतनी गंभीर एक्टिंग से लेकर इस तरह की कॉमेडी करना बहुत बड़ी बात है और नाना पाटेकर उन दुर्लभ कलाकारों में से एक थे।"
फिल्म परिंदा में नाना पाटेकर के अभिनय को याद करते हुए निर्माता ने कहा, "मुझे याद है कि मैंने 'परिंदा' को हीरो सिनेमाघर में देखा था और उनकी एक्टिंग ने मुझे हैरान कर दिया था। यह उन परफॉरमेंस में से एक है, जो एक नया इतिहास रचती हैं।"
सिद्धार्थ रॉय कपूर ने नाना पाटेकर के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना भी जताई और कहा कि भारतीय सिनेमा को नाना पाटेकर की कमी खलेगी। उन्होंने कहा, "मैं बस इतना कहना चाहूंगा कि परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।"
अभिनेता नाना पाटेकर के निधन के बाद भारतीय फिल्म जगत के कई सितारों, जिनमें शाहरुख खान, सलमान खान और हेमा मालिनी समेत कई कलाकारों ने उनके निधन पर न सिर्फ शोक जताया, बल्कि उनके व्यक्तित्व की भी प्रशंसा की थी।
दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का 75 वर्ष की आयु में 8 अक्टूबर 2026 को निधन हो गया है। गोवा के डोना पाउला स्थित उनके आवास पर वे अचेत अवस्था में पाए गए थे, जिसके बाद उन्हें पणजी के मणिपाल अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों के अनुसार उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा) के कारण हुई है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें करीब 45 मिनट तक सीपीआर दिया, लेकिन बचाया नहीं जा सका। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ पुणे के डोंजे स्थित उनके फार्महाउस पर किया गया।
--आईएएनएस
एनएस/वीसी

