आमिर खान की तीसरी शादी पर शेखर सुमन का तंज, वीडियो में बोले- ‘डबल इंजन नहीं, ट्रिपल इंजन सरकार चला रहे हैं’
बॉलीवुड अभिनेता और होस्ट शेखर सुमन अपने बेबाक अंदाज और व्यंग्य के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने अभिनेता आमिर खान की तीसरी शादी को लेकर ऐसा तंज कसा है, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है। शेखर सुमन ने आमिर खान की पिछली दो शादियों के टूटने और तीसरी शादी को लेकर मजाकिया अंदाज में टिप्पणी की।
शेखर सुमन ने अपने यूट्यूब शो ‘शेखर टुनाइट’ के ओपनिंग एपिसोड में आमिर खान का जिक्र करते हुए कहा कि राजनीति करने वालों को गठबंधन की समझ उनसे सीखनी चाहिए। उन्होंने आमिर की निजी जिंदगी को राजनीतिक गठबंधन से जोड़ते हुए व्यंग्य किया।
उन्होंने कहा, “कहते हैं कि राजनीति करने वालों को गठबंधन की बड़ी गहरी समझ होती है, लेकिन उन्हें गठबंधन की सही सलाह इन साहब से सीखनी चाहिए। इन्होंने पहला गठबंधन किया, वो टूट गया। दूसरा किया, वो भी दुर्भाग्यवश टूट गया। अब इन्होंने तीसरा गठबंधन किया है।”
शेखर ने आगे मजाकिया अंदाज में कहा कि इसे अब गठबंधन नहीं बल्कि ‘महागठबंधन’ कहा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां राजनीतिक पार्टियां डबल इंजन सरकार नहीं चला पा रही हैं, वहीं आमिर खान लगातार ट्रिपल इंजन सरकार चला रहे हैं।
अभिनेता ने अपने अंदाज में आगे कहा कि ये ऐसे इंजन हैं, जिनमें एथेनॉल और आइसोब्यूटिनॉल है, फिर भी इंजन बंद नहीं हुआ और लगातार पटरी पर दौड़ते हुए नए रिकॉर्ड बना रहा है। उन्होंने इसके बाद आमिर खान का नाम लेते हुए उन्हें तीसरी शादी की बधाई दी।
शेखर सुमन ने कहा, “मुबारक हो, आमिर खान ने तीसरी शादी कर ली। किसी और के अच्छे दिन आएं न आएं, लेकिन आमिर खान साहब के लगातार तीसरी बार अच्छे दिन आ गए। उन्होंने पूर्ण बहुमत से तीसरी बार सरकार बना ली।”
गौरतलब है कि आमिर खान की निजी जिंदगी पहले भी चर्चा में रही है। उन्होंने पहली शादी रीना दत्ता से की थी, जिसके बाद दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद उन्होंने किरण राव से शादी की, लेकिन यह रिश्ता भी लंबे समय तक नहीं चल सका।
आमिर खान की तीसरी शादी को लेकर सोशल मीडिया पर पहले से ही चर्चाएं चल रही थीं। अब शेखर सुमन के व्यंग्यात्मक बयान के बाद यह मुद्दा फिर सुर्खियों में आ गया है।
हालांकि, शेखर सुमन का यह बयान मजाक और व्यंग्य के अंदाज में था। उन्होंने अपने शो के जरिए आमिर खान की निजी जिंदगी पर हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी की, जिसे लेकर अब सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

