Samachar Nama
×

ब्लैक होल को शेखर कपूर ने बताया पहेली, ब्रह्मांड और शरीर के रहस्य पर की चर्चा

मुंबई, 28 दिसंबर (आईएएनएस)। फिल्म निर्माता-निर्देशक शेखर कपूर सोशल मीडिया पर अपनी गहरी और विचारों से भरे पोस्ट के लिए जाने जाते हैं। लेटेस्ट पोस्ट में उन्होंने ब्लैक होल को न केवल एक पहेली बताया बल्कि इसका कनेक्शन जोड़ते हुए ब्रह्मांड और शरीर के रहस्य पर भी चर्चा की।
ब्लैक होल को शेखर कपूर ने बताया पहेली, ब्रह्मांड और शरीर के रहस्य पर की चर्चा

मुंबई, 28 दिसंबर (आईएएनएस)। फिल्म निर्माता-निर्देशक शेखर कपूर सोशल मीडिया पर अपनी गहरी और विचारों से भरे पोस्ट के लिए जाने जाते हैं। लेटेस्ट पोस्ट में उन्होंने ब्लैक होल को न केवल एक पहेली बताया बल्कि इसका कनेक्शन जोड़ते हुए ब्रह्मांड और शरीर के रहस्य पर भी चर्चा की।

शेखर कपूर ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक दिलचस्प बातचीत शेयर की, जो एक एस्ट्रोफिजिसिस्ट के साथ हुई। इस पोस्ट में ब्रह्मांड, ब्लैक होल, शरीर की कोशिकाओं और अस्तित्व के बड़े सवालों पर चर्चा शामिल है। शेखर कपूर अक्सर विज्ञान, दर्शन और आध्यात्म पर ऐसे गंभीर सवाल उठाते रहते हैं।

शेखर कपूर ने पोस्ट में बताया कि उन्होंने एस्ट्रोफिजिसिस्ट से पूछा, "ब्रह्मांड लगातार खुद को दोहराता रहता है, है ना?" वैज्ञानिक ने हामी भरी। फिर शेखर ने सवालों की झड़ी लगा दी। उन्होंने पूछा कि क्या अनंत से लेकर सबसे छोटी चीज तक सब दोहराया जाता है? क्या शरीर की हर कोशिका ब्रह्मांड की कॉपी है? क्या कोशिकाओं में कंपन भौतिक पदार्थ का भ्रम पैदा करते हैं?

एस्ट्रोफिजिसिस्ट ने हामी भरी, फिर सोच में पड़ गया। शेखर ने आगे कहा कि अगर पदार्थ सिर्फ कंपन है, तो उनका शरीर भी ब्लैक होल से भरा हुआ है। वैज्ञानिक हंस पड़े और पूछा कि वह बात को कहां ले जा रहे हैं। शेखर ने कहा कि अगर ब्लैक होल पोर्टल हैं, जो एक आयाम से दूसरे आयाम में ले जाते हैं, तो क्या उनका शरीर भी ऐसे पोर्टल्स से भरा है, जो उन्हें आयामों के बीच घुमाता रहता है?

वैज्ञानिक ने कहा कि फिल्म बनाने वाले और कहानी कहने वाले कल्पना और सच्चाई का फर्क नहीं समझते। शेखर ने जवाब दिया कि हर सच्चाई पहले कल्पना या कहानी ही तो थी, फिर विज्ञान बनी। वैज्ञानिक ने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्हें शेखर का कहानियां सुनाने का तरीका पसंद है। अगर यह कल्पना एक दिन सच्चाई बन जाए, तो शरीर ऐसे पोर्टल्स से भरा हो सकता है।

अंत में शेखर ने सबसे बड़ा सवाल पूछा, "तो मैं कौन हूं?" वैज्ञानिक ने कहा कि यह विज्ञान का सवाल नहीं है, लेकिन वह खुद से यह सवाल हर समय पूछते हैं। शेखर कपूर 'मिस्टर इंडिया', 'बैंडिट क्वीन' और 'एलिजाबेथ' जैसी फिल्में बना चुके हैं।

--आईएएनएस

एमटी/एबीएम

Share this story

Tags