राघव जुयाल की बर्थडे पार्टी में शहनाज गिल संग दिखीं, हाथ पकड़कर निकले; वीडियो में देंखे रिलेशनशिप की अफवाहों ने फिर पकड़ा जोर
डांसर और एक्टर राघव जुयाल की बर्थडे पार्टी के बाद एक बार फिर अभिनेत्री शहनाज गिल के साथ उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। गुरुवार रात हुई पार्टी से सामने आए कुछ वीडियो और तस्वीरों में दोनों की नजदीकियां देखने को मिलीं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके रिलेशनशिप को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, दोनों की ओर से अब तक इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
एक ही कार में जाते दिखे राघव और शहनाज
राघव जुयाल की बर्थडे पार्टी में शहनाज गिल भी पहुंचीं थीं। पार्टी खत्म होने के बाद दोनों को एक साथ बाहर निकलते हुए देखा गया। वायरल वीडियो में राघव और शहनाज भीड़ के बीच हाथ पकड़े नजर आए।एक वीडियो में राघव शहनाज को भीड़ से निकालते हुए और उन्हें संभालते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं, एक अन्य वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा है कि दोनों एक ही कार से रवाना हुए। इन वीडियोज के सामने आने के बाद फैंस ने दोनों की बॉन्डिंग को लेकर कई तरह के कमेंट किए।
फैंस बोले- रिश्ता हुआ कन्फर्म, लेकिन दोनों ने नहीं दी प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स का कहना है कि राघव और शहनाज ने अपने रिश्ते को ऑफिशियल कर दिया है। हालांकि, यह सिर्फ फैंस की अटकलें हैं। राघव जुयाल और शहनाज गिल दोनों ने अभी तक अपने रिश्ते को लेकर कोई बयान नहीं दिया है।गौरतलब है कि दोनों के बीच अफेयर की खबरें काफी समय से सामने आती रही हैं, लेकिन दोनों हमेशा एक-दूसरे को अच्छा दोस्त बताते आए हैं।
‘किसी का भाई किसी की जान’ के सेट से शुरू हुई थीं चर्चाएं
राघव जुयाल और शहनाज गिल ने साल 2023 में सलमान खान की फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ में साथ काम किया था। इसी फिल्म के बाद दोनों की दोस्ती और नजदीकियों को लेकर खबरें सामने आने लगी थीं।इसके बाद दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया, जिसके चलते सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं बनी रहीं।
राघव की बर्थडे पार्टी में पहुंचे कई सितारे
राघव जुयाल ने अपना 35वां जन्मदिन खास अंदाज में सेलिब्रेट किया। उनकी पार्टी में बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के कई सितारे शामिल हुए।इस खास मौके पर आर्यन खान, बादशाह, मुनव्वर फारूकी, सान्या मल्होत्रा, मोना सिंह, संजय कपूर और अमीषा पटेल समेत कई सेलेब्स नजर आए। हालांकि, पार्टी की सबसे ज्यादा चर्चा राघव और शहनाज की मौजूदगी को लेकर हुई।फिलहाल दोनों कलाकारों ने अपने रिश्ते को लेकर चुप्पी साध रखी है। ऐसे में फैंस को अब उनके आधिकारिक बयान का इंतजार है।

