हमले के आरोपी शरीफुल इस्लाम ने अपराध कबूल करने की अर्जी दी, फुटेज में देंखे कोर्ट से मांगी नरमी
बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले के मामले में आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम ने अपना अपराध स्वीकार करने की इच्छा जताते हुए अदालत में अर्जी दाखिल की है। आरोपी ने कोर्ट से उसके प्रति नरमी बरतने की भी अपील की है। उसके वकील विपुल दुशिंग ने इस बात की पुष्टि की है। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, अदालत ने आरोपी की अर्जी पर अभियोजन पक्ष से जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 11 सितंबर को होगी। फिलहाल शरीफुल इस्लाम न्यायिक हिरासत में है।
जनवरी 2025 में सैफ पर हुआ था हमला
यह मामला 16 जनवरी 2025 की देर रात का है। आरोप है कि एक व्यक्ति चोरी और लूट के इरादे से सैफ अली खान के मुंबई स्थित घर में घुसा था। घर में मौजूद सैफ और आरोपी के बीच कथित तौर पर हाथापाई हुई, जिसके दौरान अभिनेता पर चाकू से हमला किया गया।हमले में सैफ अली खान गंभीर रूप से घायल हुए थे और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा था। घटना के बाद मुंबई पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की थी।पुलिस ने घटना के करीब दो दिन बाद शरीफुल इस्लाम को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद से वह न्यायिक हिरासत में है।
कोर्ट ने इस महीने तय किए थे आरोप
मामले में इसी महीने एडिशनल सेशंस जज जीपी देशमुख ने शरीफुल इस्लाम के खिलाफ आरोप तय किए थे। आरोप तय होने के बाद अब मामले में ट्रायल का रास्ता साफ हो गया है।आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत घातक हथियार का इस्तेमाल कर लूटपाट, गंभीर चोट पहुंचाने और घर में जबरन घुसने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
बांग्लादेशी नागरिक होने का दावा
जांच एजेंसियों के मुताबिक, शरीफुल इस्लाम बांग्लादेशी नागरिक है और कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए भारत में अवैध रूप से रह रहा था। पुलिस जांच में उसके भारत में रहने और पहचान से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल की गई थी।अब आरोपी की ओर से अपराध स्वीकार करने की अर्जी दाखिल किए जाने के बाद मामले में कानूनी प्रक्रिया एक नए चरण में पहुंच गई है। अदालत अभियोजन पक्ष का जवाब सुनने के बाद आगे की कार्रवाई पर फैसला करेगी।
11 सितंबर को होगी अगली सुनवाई
अदालत ने फिलहाल आरोपी की अर्जी पर तत्काल कोई फैसला नहीं सुनाया है। अभियोजन पक्ष को अपना जवाब दाखिल करने के लिए समय दिया गया है। इसके बाद 11 सितंबर को मामले की सुनवाई होगीयदि अदालत आरोपी की अर्जी स्वीकार करती है, तो उसके बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया उसी के अनुसार चलेगी। फिलहाल आरोपी न्यायिक हिरासत में है और सैफ अली खान पर हमले से जुड़े मामले की सुनवाई अदालत में जारी है।

