सरकार युवाओं से डर रही है, संविधान दिवस पर प्रकाश राज ने उठाए सवाल
नागपुर, 26 नवंबर (आईएएनएस)। संविधान दिवस के मौके पर अभिनेता प्रकाश राज ने अपने विचार साझा किए। मीडिया के साथ बातचीत में अभिनेता ने कहा कि इस समय भारत का जो हाल उसे देखकर लगता है कि हमें संविधान को बचाने की जरूरत है।
अभिनेता ने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा, "आज संविधान दिवस है और पूरा देश इसे बड़ी धूमधाम से मना रहा है, लेकिन असली हालत ये है कि हमें संविधान को बचाने की जरूरत है। इस सरकार की वजह से पूरे देश में ऐसे हालात बन गए हैं। देखिए, हर जगह लोग संविधान बचाओ के नारे लगा रहे हैं।"
सौरव दास की विदेश यात्रा पर रोक को लेकर उन्होंने कहा, "आजकल कई लोगों को रोका जा रहा है। लोगों को फ्लाइट के अंदर से भी पकड़कर लाया जा रहा है। उन्हें बचाने के लिए हम सबको एक साथ आना होगा और बातचीत करनी होगी। असल बात ये है कि उन्हें हमारे युवाओं और बच्चों से डर लग रहा है।"
उन्होंने आगे कहा, "इस देश में बहुत सारे विषयों पर आवाज उठाई जा रही है। इस देश में बहुत शोर है। हमें उन छात्रों के बारे में सोचना होगा जो आवाज उठा रहे हैं। हम शोर को दबाने की कोशिश कर रहे हैं। अगर हम इसे और ज्यादा दबाएंगे तो शोर और बढ़ता जाएगा। सोशल मीडिया पर भी कंट्रोल किया जा रहा है। आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। उनका मकसद शांतिपूर्ण विरोध को दबाना है और ये चलता रहेगा।"
अभिनेता का कहना है कि आज का युवा जागरूक है और वह अपने हितों और देश के हित के लिए ही आवाज उठा रहा है। उन्होंने कहा, "देखिए, आज युवा किन मुद्दों पर बात कर रहे हैं? वो शिक्षा व्यवस्था, स्कूल, अस्पताल, पेपर लीक, रोजगार, महंगाई, खुदरा कीमतों की बात कर रहे हैं।"
--आईएएनएस
एनएस/एएस

