संजीव कपूर ने खास अंदाज में कपिल शर्मा को दी बधाई, बोले- 'आपने पूरी दुनिया में खुशियां बिखेरी हैं'
मुंबई, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। जब भी कॉमेडी की बात होती है, तो सभी की जुबां पर सबसे पहले कपिल शर्मा का नाम आता है। उन्होंने अपनी हाजिरजवाबी और आम आदमी की जिंदगी से जुड़े मजेदार जोक्स के जरिए लोगों के दिलों में खास जगह बनाई है। गुरुवार को कॉमेडियन अपना जन्मदिन मना रहे हैं।
इस खास मौके पर मशहूर शेफ संजीव कपूर और अभिनेत्री कृति सेनन ने जन्मदिन की बधाई दी।
संजीव कपूर ने इंस्टाग्राम पर कमीडियन के साथ एक तस्वीर पोस्ट की। इसमें कपिल शर्मा अपने टॉक शो के सेट पर संजीव कपूर के साथ बैठे नजर आ रहे हैं। तस्वीर में दोनों हंसते दिखाई दिए। संजीव ने अपनी पोस्ट में कमीडियन की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी पूरी मेहनत और दिल से लोगों की जिंदगी में हंसी और खुशियां बिखेरी हैं। संजीव लिखते हैं, "कपिल शर्मा, आपको जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं।"
उन्होंने आगे लिखा, "जिंदगी का असली मजा तब आता है, जब उसमें हंसी और खुशियां दोनों हों और आपने ये दोनों पूरे दिल से पूरी दुनिया को दी है। मैं सच में आशा करता हूं कि आने वाले साल आपको और भी ढेरों मौके दें, ताकि आप हंसी और प्यार सभी तक फैलाते रहें।"
एक्ट्रेस कृति सेनन ने भी कपिल शर्मा को बधाई दी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर कपिल शर्मा के साथ सेल्फी शेयर करते हुए लिखा, "हैप्पी बर्थडे कपिल। आपके आसपास रहना हमेशा खुशी देता है, आपका आने वाला साल सबसे अच्छा हो।"
कपिल शर्मा भारत के सबसे प्रसिद्ध स्टैंड-अप कमीडियन, टीवी होस्ट और अभिनेता हैं, जिन्होंने 'द कपिल शर्मा शो' और 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' से घर-घर में पहचान बनाई है। अमृतसर से ताल्लुक रखने वाले कपिल, शुरू में पीसीओ बूथ पर काम करते थे। हालांकि, आज के समय में वे देश के सबसे महंगे और मशहूर कमीडियन में से एक हैं।
2007 में 'द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज' जीतने के बाद कपिल को पहचान मिली। इससे पहले वे स्थानीय शो में काम करते थे। उन्होंने कॉमेडी सर्कस में जीत हासिल की और 9 रियलिटी शो के विजेता भी रहे। इसके अलावा, कपिल ने 'किस किसको प्यार करूं' (2015), 'फिरंगी' (2017), और 'जिगाटो' (2023) जैसी फिल्मों में काम किया है।
--आईएएनएस
एनएस/

