Samachar Nama
×

मंत्री के सामने संजय दत्त का बेबाक जवाब हुआ वायरल, मराठी को लेकर कही ये बात

मंत्री के सामने संजय दत्त का बेबाक जवाब हुआ वायरल, मराठी को लेकर कही ये बात

बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। मुंबई में आयोजित एक इवेंट के दौरान उन्होंने महाराष्ट्र के ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर प्रताप सरनाईक के सामने ऐसा मजाक कर दिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दरअसल, कार्यक्रम के दौरान प्रताप सरनाईक ने संजय दत्त से मराठी में बात करने के लिए कहा। मंत्री ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह इन दिनों सभी को मराठी सिखा रहे हैं। इसके बाद उन्होंने संजय दत्त से भी मराठी में बातचीत करने की बात कही।

संजय दत्त ने क्यों कहा- मराठी नहीं सीख पाया?

वायरल वीडियो में मंत्री प्रताप सरनाईक और संजय दत्त स्टेज पर नजर आ रहे हैं। सरनाईक ने कहा कि संजय दत्त के आने के बाद उन्होंने सोचा कि क्यों न सभी लोग उनसे मराठी में बात करें। उन्होंने यह भी कहा कि संजय हिंदी में बात करते हैं, लेकिन वहां मौजूद लोग मराठी समझते हैं।

इसके जवाब में संजय दत्त ने माइक संभाला और मजाकिया अंदाज में कहा, “प्रताप भाई, मैं 6 साल जेल में रहा, यरवदा में। तब भी मराठी नहीं सीख पाया। थोड़ा सीखा था।”

संजय दत्त ने आगे प्रताप सरनाईक का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उन्हें यहां बुलाने के लिए वह उनके आभारी हैं। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों का रिश्ता काफी पुराना है और करीब 25 साल से एक-दूसरे को जानते हैं।

मराठी भाषा को लेकर क्यों हो रही चर्चा?

महाराष्ट्र में इन दिनों मराठी भाषा को लेकर बहस तेज है। संजय दत्त और प्रताप सरनाईक का यह वीडियो भी इसी माहौल के बीच सामने आया है।

बताया जा रहा है कि यह मुद्दा सरनाईक के विभाग से जुड़े हालिया आदेश के कारण भी चर्चा में है। इसके तहत मुंबई में काम करने वाले ऑटो-रिक्शा चालकों के लिए मराठी भाषा के कुछ वाक्यांशों की व्यावहारिक समझ को जरूरी किए जाने की बात सामने आई थी।

सोशल मीडिया पर लोगों ने दिए अलग-अलग रिएक्शन

संजय दत्त के इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोगों ने उनके जवाब को मजाकिया अंदाज बताया, जबकि कुछ यूजर्स ने भाषा के मुद्दे को लेकर उनकी तुलना आम लोगों से की।

एक यूजर ने लिखा कि संजय दत्त या सलमान खान जैसे स्टार ही किसी मंत्री की बात को इस तरह मजाक में टाल सकते हैं। वहीं एक अन्य यूजर ने कहा कि अभिनेता ने बड़े स्टाइल में बात को नजरअंदाज कर दिया।

एक यूजर ने ऑटो चालकों का जिक्र करते हुए लिखा कि काश वे भी इसी तरह जवाब दे पाते और भारी जुर्माने से बच सकते। वहीं कुछ लोगों ने इस बात पर भी टिप्पणी की कि मुंबई में लंबे समय से रहने के बावजूद संजय दत्त खुद स्वीकार कर रहे हैं कि वह मराठी पूरी तरह नहीं सीख पाए।

Share this story

Tags