Samachar Nama
×

समृद्धि शुक्ला ने रिश्तों में बराबरी पर रखी बात, बोलीं- घर और बच्चों की जिम्मेदारी दोनों की होनी चाहिए

मुंबई, 26 जुलाई (आईएएनएस)। टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री समृद्धि शुक्ला इन दिनों अपने शो 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में अभिरा के किरदार को लेकर दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। अपनी दमदार एक्टिंग के साथ-साथ वह अपनी सोच और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर बात रखने के लिए भी जानी जाती हैं।

मुंबई, 26 जुलाई (आईएएनएस)। टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री समृद्धि शुक्ला इन दिनों अपने शो 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में अभिरा के किरदार को लेकर दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। अपनी दमदार एक्टिंग के साथ-साथ वह अपनी सोच और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर बात रखने के लिए भी जानी जाती हैं।

इस बीच उन्होंने घर-परिवार, शादी और रिश्तों में जिम्मेदारियों के बंटवारे को लेकर अपनी राय साझा की है। समृद्धि ने कहा कि आज के समय में भी कई महिलाओं से उम्मीद की जाती है कि वे घर और बाहर दोनों की जिम्मेदारियां अकेले संभालें, जबकि परिवार चलाने की जिम्मेदारी पति-पत्नी दोनों की बराबर होनी चाहिए।

समृद्धि शुक्ला ने आईएएनएस से खास बातचीत में महिलाओं पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव के बारे में बात की। उन्होंने कहा, ''आज भी कई महिलाएं ऐसी हैं, जिनसे हर काम को संभालने की उम्मीद की जाती है। उनसे कहा जाता है कि वे बच्चों की देखभाल करें, अगर चाहें तो नौकरी करें और फिर घर लौटकर पूरे परिवार की जिम्मेदारी भी निभाएं। कई बार महिलाएं खुद खाना नहीं बनातीं, फिर भी उनसे यह अपेक्षा की जाती है कि वे घर की हर व्यवस्था पर नजर रखें, कुक से बात करें, घर के कामों को मैनेज करें और सुनिश्चित करें कि सब कुछ सही तरीके से चलता रहे।''

उन्होंने कहा, ''इस तरह की सोच को बदलने की जरूरत है। जब दो लोग शादी के बंधन में बंधते हैं, तो वे मिलकर एक नई जिंदगी की शुरुआत करते हैं। दोनों एक ही घर में रहते हैं, घर की सुविधाओं का इस्तेमाल करते हैं और बच्चों की परवरिश में भी दोनों की बराबर भागीदारी होती है। ऐसे में यह सही नहीं है कि किसी एक व्यक्ति से ज्यादा जिम्मेदारी निभाने की उम्मीद की जाए।''

समृद्धि ने उदाहरण देते हुए कहा, ''अगर किसी महिला ने बच्चे को जन्म दिया है और वह कुछ समय के लिए काम पर नहीं जा सकती, तो उस दौरान पति को आगे बढ़कर जिम्मेदारियां संभालनी चाहिए। वहीं, जब महिला दोबारा अपने करियर या सपनों की ओर लौटना चाहे, तो पति घर की जिम्मेदारियों में सहयोग कर सकता है। रिश्ते में सबसे जरूरी चीज एक-दूसरे के सपनों को समझना और उनका सम्मान करना है।''

अभिनेत्री ने कहा, ''परिवार का मतलब एक-दूसरे का साथ देना होता है, न कि पुराने नियमों के अनुसार महिला और पुरुष की भूमिकाएं तय कर देना। किसी एक व्यक्ति से हमेशा त्याग करने की उम्मीद नहीं की जानी चाहिए। एक अच्छे रिश्ते में दोनों लोग एक-दूसरे के लिए जगह बनाते हैं और मिलकर जीवन की चुनौतियों का सामना करते हैं।''

अपने लोकप्रिय शो 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में निभाए जा रहे किरदार अभिरा को लेकर भी समृद्धि ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, ''अभिरा की जिंदगी में भी कई जिम्मेदारियां हैं और वह एक साथ कई चीजों को संभालने की कोशिश करती है। मेरा किरदार उन महिलाओं की भावनाओं को दिखाता है, जो हर जगह खुद को साबित करने की कोशिश करती रहती हैं।''

समृद्धि ने कहा, ''असल जिंदगी में भी कई महिलाएं घर और काम के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करती हैं। उन्हें लगातार यह साबित करना पड़ता है कि वे परिवार और करियर दोनों को अच्छी तरह संभाल सकती हैं। इस दौरान उन पर भावनात्मक दबाव भी रहता है, जिसे अक्सर लोग समझ नहीं पाते।''

--आईएएनएस

पीके/एएस

Share this story