ट्रोलर्स को सलमान का जवाब- मेरी बुराई करके व्यूज और फॉलोअर्स मिल रहे हैं तो खुश हूं, श्रद्धा कपूर से भी मांगी माफी
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना और ट्रोलिंग पर अब सलमान ने खुलकर जवाब दिया है। उनका कहना है कि अगर कुछ लोग उनकी बुराई करके व्यूज, फॉलोअर्स और पहचान हासिल कर रहे हैं, तो उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है। सलमान ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर आजकल सकारात्मकता के मुकाबले नकारात्मक बातें ज्यादा लोगों का ध्यान खींचती हैं।
शुक्रवार को सलमान खान एबीपी के राइजिंग समिट 2026 में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बिग बॉस में गुस्से में शर्ट उतारने की घटना से लेकर अपनी फिल्मों की आलोचना और ‘मातृभूमि’ की रिलीज डेट तक कई मुद्दों पर बात की। उन्होंने श्रद्धा कपूर की फिल्म से रिलीज डेट टकराने पर अफसोस जताया और बताया कि उन्होंने श्रद्धा को फोन करके माफी भी मांगी है।
सलमान बोले- मेरा मजाक उड़ाने से लोगों को फायदा हो रहा है तो ठीक है
इवेंट के दौरान सलमान से बिग बॉस में गुस्से के दौरान शर्ट उतारने को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि शर्ट उतारना उनका एक इंपल्सिव यानी अचानक लिया गया फैसला था।
सलमान ने सोशल मीडिया पर बढ़ती नकारात्मकता को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि आजकल नेगेटिविटी, पॉजिटिविटी से ज्यादा लोगों को आकर्षित करती है। अगर किसी को उनकी आलोचना करके पैसे मिल रहे हैं या फॉलोअर्स बढ़ रहे हैं, तो इसमें उन्हें कोई परेशानी नहीं है।
एक्टर ने कहा कि कुछ लोग उनकी बुराई करके सोशल मीडिया पर चर्चा में बने हुए हैं। उन्हें इससे व्यूज और पहचान मिल रही है, तो यह अच्छी बात है। सलमान के मुताबिक, उन्हें इस तरह की आलोचना से कोई फर्क नहीं पड़ता और लोग जो करना चाहते हैं, कर सकते हैं।
'भाई की एनर्जी कहां चली गई', सलमान ने आलोचनाओं पर दिया जवाब
सलमान ने सोशल मीडिया पर चल रहे एक ट्रेंड का जिक्र करते हुए कहा कि कई लोग उनकी फिल्मों और काम को लेकर सवाल उठा रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि सलमान ने पहले कई अच्छी फिल्में दी हैं, लेकिन पिछली 5-6 फिल्मों में उनकी पुरानी एनर्जी नजर नहीं आई।
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर ऐसे कमेंट भी किए जा रहे हैं कि सलमान अब अपनी फिल्मों में पहले जैसी दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं और उन्हें अपने दोस्तों की सलाह सुनने के बजाय अपने फैसले खुद लेने चाहिए।
सलमान ने इन बातों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर लोग उनकी फिल्म और उनके काम पर चर्चा कर रहे हैं, तो कम से कम उनकी वजह से सोशल मीडिया पर दिखाई तो दे रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि उनकी आलोचना करने वालों को इससे फायदा मिल रहा है, तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।
श्रद्धा कपूर की फिल्म से क्लैश होने पर सलमान ने जताया अफसोस
सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसी दिन श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ भी रिलीज हो रही है। दोनों फिल्मों की रिलीज डेट एक होने पर सलमान ने अफसोस जताया।
उन्होंने बताया कि फिल्म की रिलीज डेट तय करने से पहले उन्हें जानकारी नहीं थी कि श्रद्धा की फिल्म भी उसी दिन सिनेमाघरों में आएगी। सलमान ने कहा कि अगर उन्हें पहले पता होता, तो वह श्रद्धा की फिल्म के साथ अपनी फिल्म रिलीज करने से बचते।
एक्टर ने कहा कि उन्होंने श्रद्धा को फोन करके इस बात के लिए माफी भी मांगी थी। इस पर श्रद्धा ने जवाब दिया कि कोई बात नहीं सर।
सलमान ने यह भी कहा कि उन्होंने श्रद्धा को बड़े होते हुए देखा है और उनके मन में उनके लिए खास अपनापन है। इसलिए फिल्म की रिलीज डेट टकराने पर उन्हें वास्तव में अफसोस है।
VFX में गड़बड़ी के कारण टली फिल्म की रिलीज
सलमान ने फिल्म की रिलीज डेट में बदलाव की वजह भी बताई। उनके मुताबिक, मीडिया के लिए रखी गई स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म के कुछ VFX में खामियां नजर आई थीं। इसके बाद फिल्म की रिलीज को आगे बढ़ाने का फैसला किया गया।
उन्होंने बताया कि दिसंबर और आने वाले महीनों में कई बड़ी फिल्मों की रिलीज पहले से तय है। 27 नवंबर को सूरज बड़जात्या की फिल्म और इसके बाद सनी देओल की फिल्म आने वाली है। वहीं, शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ 24 दिसंबर को रिलीज होनी है।
सलमान ने कहा कि वह शाहरुख खान और उनकी बेटी सुहाना खान की फिल्म से क्लैश नहीं करना चाहते। इसके अलावा जनवरी में विक्की कौशल, रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ आने वाली है। अप्रैल में ‘मॉन्स्टर’ भी रिलीज होने वाली है। सलमान ने कहा कि वह अपनी ही फिल्मों के बीच भी टकराव नहीं चाहते।
इस तरह रिलीज डेट तय करने के दौरान कई फिल्मों के शेड्यूल को ध्यान में रखना पड़ा। हालांकि, श्रद्धा कपूर की फिल्म के साथ रिलीज डेट एक होने की जानकारी उन्हें बाद में मिली।

