Salman Khan नहीं थे ‘मैंने प्यार किया’ के लिए पहली पसंद, इस वजह से फराज खान के हाथ से निकली सुपरहिट फिल्म
हिंदी सिनेमा में कई ऐसी सुपरहिट फिल्में हैं, जिनके लिए चुने गए कलाकार बाद में बदल दिए गए। इनमें सलमान खान की डेब्यू फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ का नाम भी शामिल है। साल 1989 में रिलीज हुई इस फिल्म ने सलमान को रातोंरात स्टार बना दिया था। हालांकि, बहुत कम लोग जानते हैं कि इस फिल्म के लिए सलमान मेकर्स की पहली पसंद नहीं थे। शुरुआत में दिवंगत अभिनेता फराज खान को मुख्य भूमिका के लिए चुना गया था।
पीलिया की वजह से फराज के हाथ से निकली फिल्म
फराज खान का जन्म 27 मई 1970 को मुंबई में हुआ था। वह अभिनेता युसूफ खान के बेटे थे। फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ के निर्देशक सूरज बड़जात्या ने उन्हें फिल्म में प्रेम के किरदार के लिए पसंद किया था। इस भूमिका के लिए सलमान खान और दीपक तिजोरी ने भी ऑडिशन दिया था, लेकिन मेकर्स ने फराज को फाइनल कर लिया था।
फिल्म की शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले फराज की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें पीलिया हो गया, जिसके चलते वह फिल्म में काम नहीं कर सके। इसके बाद मेकर्स ने सलमान खान को इस किरदार के लिए चुना। फिल्म रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई और सलमान की लोकप्रियता तेजी से बढ़ गई।
फिल्मों के साथ टीवी पर भी बनाई पहचान
फराज खान का बॉलीवुड डेब्यू 1996 में फिल्म ‘फरेब’ से हुआ। इसके बाद वह रानी मुखर्जी के साथ फिल्म ‘मेहंदी’ में नजर आए। इस फिल्म से उन्हें दर्शकों के बीच खास पहचान मिली। उन्होंने ‘पृथ्वी’, ‘दुल्हन बनूं मैं तेरी’, ‘दिल ने फिर याद किया’ और ‘चांद बुझ गया’ जैसी फिल्मों में भी काम किया।
फिल्मों के अलावा फराज ने छोटे पर्दे पर भी अपनी अभिनय प्रतिभा दिखाई। वह ‘अचानक 37 साल बाद’, ‘रात होने को है’, ‘लिपस्टिक’, ‘सिंदूर तेरे नाम का’, ‘नीली आंखें’ और ‘श्श्श्श...कोई है’ जैसे टीवी सीरियल्स में नजर आए।
50 साल की उम्र में हुआ निधन
फराज खान का निधन 4 नवंबर 2020 को बेंगलुरु में हुआ था। वह लंबे समय से सीने में संक्रमण से जूझ रहे थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। महज 50 साल की उम्र में उनके निधन से फिल्म और टीवी जगत में शोक की लहर दौड़ गई थी।

