IIFA 2027 में सलमान खान ने पैपराजी को दी चेतावनी, बोले- इतनी इज्जत तो दे ही सकते हो
मुंबई में गुरुवार, 22 अक्टूबर को IIFA 2027 की प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में सलमान खान, करीना कपूर, वरुण धवन, शाहिद कपूर और पंकज त्रिपाठी समेत कई बॉलीवुड सितारे शामिल हुए। हालांकि, इवेंट में सलमान खान अपने स्टाइलिश लुक के साथ-साथ पैपराजी को दी गई चेतावनी को लेकर भी चर्चा में आ गए। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में सलमान खान कार्यक्रम में एंट्री करते हुए पैपराजी के सामने पोज देते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने फोटोग्राफर्स को पीछे से तस्वीरें खींचने के मुद्दे पर याद दिलाते हुए कहा, "और वो याद रख लेना दोस्तों, पीछे का याद रख लेना। इतनी इज्जत तो दे ही सकते हो सब लोग।" इसके बाद अभिनेता वहां से आगे बढ़ जाते हैं।
पैपराजी को पहले भी नसीहत दे चुके हैं सलमान
सलमान खान का यह बयान उनके पहले दिए गए बयान से भी जुड़ा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'बिग बॉस 20' के वीकेंड का वार एपिसोड में उन्होंने ट्रोल्स और पैपराजी द्वारा अभिनेत्रियों की पीछे से तस्वीरें खींचने के मुद्दे पर नाराजगी जताई थी।
उस दौरान सलमान ने इस तरह की तस्वीरें लेने के तरीके पर सवाल उठाए थे और अभिनेत्रियों को भी अपनी गरिमा के लिए आवाज उठाने की सलाह दी थी। अब IIFA 2027 के कार्यक्रम में उनका बयान सामने आने के बाद यह मुद्दा फिर चर्चा में है।
ब्लू कोट और जींस में दिखा सलमान का स्टाइलिश अंदाज
IIFA 2027 की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान खान का लुक भी आकर्षण का केंद्र रहा। अभिनेता ब्लू कोट, ब्लैक टी-शर्ट और डेनिम जींस में नजर आए। उन्होंने ब्लैक चश्मा पहनकर अपने लुक को पूरा किया।
सलमान का यह कैजुअल लेकिन डैशिंग अंदाज प्रशंसकों के बीच चर्चा में रहा। कार्यक्रम में मौजूद दूसरे सितारों के बीच भी उनका लुक खास नजर आया।
'बिग बॉस 20' और फिल्म 'मातृभूमि' को लेकर चर्चा
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान 'बिग बॉस 20' को होस्ट कर रहे हैं। इसके अलावा वह फिल्म 'मातृभूमि' में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म का नाम पहले 'बैटल ऑफ गलवान' बताया गया था।
फिल्म में चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में हैं। इसकी कहानी गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई झड़प की पृष्ठभूमि से जुड़ी बताई गई थी। हालांकि, फिल्म की कहानी में बदलाव किए जाने की खबरें भी सामने आई हैं।
फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट को लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में दर्शकों को इसकी रिलीज से जुड़ी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

