Samachar Nama
×

Salman Khan: करिश्मा कपूर के रैपिड फायर में सलमान ने खोले दिलचस्प राज, शाहरुख-आमिर को बताया ‘भाई’

Salman Khan: करिश्मा कपूर के रैपिड फायर में सलमान ने खोले दिलचस्प राज, शाहरुख-आमिर को बताया ‘भाई’

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। फिल्ममेकर करण जौहर के टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ के नौवें और आखिरी सीजन के पहले एपिसोड में सलमान खान और अभिनेत्री करिश्मा कपूर नजर आए। इस दौरान करिश्मा ने सलमान से रैपिड फायर राउंड में कई मजेदार सवाल पूछे, जिनके जवाबों ने शो को दिलचस्प बना दिया।

सलमान ने अपने पसंदीदा सह-कलाकारों से लेकर अपने पछतावे और बॉलीवुड सितारों के बारे में खुलकर बात की। वहीं, करण जौहर ने भी अपनी फिल्म ‘कभी अलविदा ना कहना’ से जुड़ा एक पुराना किस्सा साझा किया।

शाहरुख और आमिर के लिए सलमान का जवाब ‘भाई’

रैपिड फायर राउंड में करिश्मा कपूर ने सलमान से शाहरुख खान और आमिर खान के बारे में पूछा। दोनों के लिए सलमान का जवाब एक ही था—‘भाई’। वहीं, अजय देवगन को उन्होंने भाई और दोस्त बताया। सलमान ने अजय की अभिनय क्षमता की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी तरह इंटेंस अभिनय कोई नहीं कर सकता।

अक्षय कुमार के बारे में सलमान ने कहा कि उन्होंने उनके साथ काफी काम किया है। उनके मुताबिक, अक्षय अपने काम पर ध्यान देते हैं, गॉसिप से दूर रहते हैं और काम खत्म होने के बाद घर चले जाते हैं। सलमान ने उनके करियर में हुई प्रगति की भी सराहना की।

‘मैंने प्यार किया’ फिल्म पर है गर्व

करिश्मा ने सलमान से पूछा कि उन्हें अपनी किस फिल्म पर सबसे ज्यादा गर्व है। इस पर अभिनेता ने अपनी चर्चित फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ का नाम लिया।

जब उनसे पूछा गया कि उन्हें किस बात का पछतावा है, तो सलमान ने जवाब दिया कि उन्हें किसी बात का पछतावा नहीं है। वहीं, यह सवाल पूछे जाने पर कि उन्हें किस बात से डर लगता है, उन्होंने कहा कि जब कोई उन पर उंगली उठाता है, तो उन्हें यह बात परेशान करती है।

रणवीर सिंह और रणबीर कपूर की तारीफ

रैपिड फायर के दौरान करिश्मा ने सलमान से पूछा कि ‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह और ‘एनिमल’ में रणबीर कपूर में से किसका अभिनय बेहतर लगा।

सलमान ने दोनों कलाकारों की तुलना करने से इनकार करते हुए कहा कि दोनों ने अलग-अलग तरह की भूमिकाएं निभाई हैं। उनके मुताबिक, रणवीर सिंह के अभिनय में जबरदस्त ऊर्जा है, जबकि रणबीर कपूर की परफॉर्मेंस में गहराई और इंटेंसिटी दिखाई देती है।

सलमान ने यह भी कहा कि रणवीर का अंदाज अक्सर बड़े पर्दे पर प्रभावशाली और भव्य होता है। ‘धुरंधर’ में उन्होंने अपनी ऊर्जा को नियंत्रित करते हुए किरदार निभाया और अपने रोल को लेकर आत्मविश्वास दिखाया।

फेवरेट को-स्टार के सवाल पर लिया करिश्मा का नाम

जब करिश्मा ने सलमान से उनके पसंदीदा को-स्टार के बारे में पूछा, तो उन्होंने प्यार से उन्हें ‘लोलो’ कहकर संबोधित किया और उनकी तारीफ की। सलमान ने कहा कि उन्होंने कई अभिनेत्रियों के साथ काम किया है, लेकिन करिश्मा जैसी कोई नहीं है।

वहीं, ‘बिग बॉस’ के घर में किस बॉलीवुड सेलिब्रिटी को भेजने की सिफारिश करेंगे, इस सवाल पर सलमान ने संजय दत्त का नाम लिया। करिश्मा ने उनसे यह भी पूछा कि वह किसे ‘नेकी कर दरिया में डाल’ वाली सलाह देना चाहेंगे। इस पर सलमान ने खुद का नाम लिया।

करण जौहर को ‘कभी अलविदा ना कहना’ के लिए पड़ी थी डांट

शो के दौरान करण जौहर ने अपनी फिल्म ‘कभी अलविदा ना कहना’ से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सुनाया। करिश्मा ने उनसे पूछा कि वह अपनी किस फिल्म का रीमेक बनाना चाहेंगे। करण ने इस सवाल के जवाब में ‘कभी अलविदा ना कहना’ का नाम लिया।

इसके बाद करण ने बताया कि फिल्म को लेकर उन्हें लंदन के एक होटल की लॉबी में सलमान खान से खरी-खोटी सुननी पड़ी थी। करण के मुताबिक, सलमान ने फिल्म को लेकर उन्हें जमकर डांट लगाई थी।

सलमान और करिश्मा की इस बातचीत में जहां कई मजेदार जवाब सुनने को मिले, वहीं करण जौहर का पुराना किस्सा भी चर्चा का हिस्सा बना।

Share this story

Tags