बादशाह-ईशा रिखी के रिश्ते में दरार की चर्चा तेज, वीडियो में जाने तलाक की अटकलों के बीच सास का भावुक पोस्ट वायरल
पॉपुलर सिंगर और रैपर बादशाह और पंजाबी अभिनेत्री ईशा रिखी की शादीशुदा जिंदगी को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। दोनों की शादी को अभी करीब पांच महीने ही हुए हैं, लेकिन हाल ही में ईशा रिखी की सोशल मीडिया पोस्ट ने उनके रिश्ते में अनबन और संभावित अलगाव की अटकलों को हवा दे दी है। मंगलवार को ईशा रिखी ने एक पोस्ट साझा करते हुए संकेत दिया कि वह लंबे समय से चुप थीं। उन्होंने लिखा कि वह अब तक "डर" की वजह से कुछ नहीं बोल रही थीं। हालांकि, उन्होंने अपने पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया और न ही किसी आरोप का विस्तार से उल्लेख किया। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर इस पोस्ट को उनके वैवाहिक रिश्ते से जोड़कर देखा जाने लगा।
ईशा की मां का पोस्ट हुआ वायरल
इसी बीच ईशा रिखी की मां ने भी सोशल मीडिया पर कई भावुक और तीखे संदेश साझा किए, जो अब तेजी से वायरल हो रहे हैं।उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, "कर्म लौटकर आते हैं। तुम किसी का जीना मुश्किल करोगे, भगवान तुम्हारा मरना मुश्किल करेंगे।"इसके बाद एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, "कर्म कभी माफ नहीं करता। रुलाया है, तो रोना भी निश्चित है। कर्म से बड़ा कोई न्यायाधीश नहीं है। कर्म का लेखा कभी झूठा नहीं होता। समय आने पर कर्म न्याय जरूर करता है। ईश्वर शायद माफ कर दे, लेकिन तुम्हारे कर्म तुम्हें कभी माफ नहीं करेंगे।"इन पोस्टों के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं कि उनका इशारा किस ओर है। हालांकि, उन्होंने भी किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया है।
आधिकारिक पुष्टि नहीं
फिलहाल न तो बादशाह और न ही ईशा रिखी की ओर से तलाक या वैवाहिक विवाद को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। दोनों पक्षों ने इन चर्चाओं की पुष्टि नहीं की है।ऐसे में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्टों के आधार पर रिश्ते में दरार या तलाक की खबरों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकती। आधिकारिक प्रतिक्रिया आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।फिलहाल, दोनों से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बने हुए हैं और उनके प्रशंसक मामले पर आधिकारिक बयान का इंतजार कर रहे हैं।

