Ravi Kishan: खुद को क्यों कहते हैं 'बिहार का ब्रैड पिट'? अक्षय कुमार के साथ शो में खोले जिंदगी के कई राज
अभिनेता और सांसद रवि किशन इन दिनों अपने बेबाक अंदाज और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में वह अक्षय कुमार के साथ करण जौहर के चर्चित चैट शो 'कॉफी विद करण' सीजन 9 में नजर आए। इस दौरान उन्होंने अपने करियर, निजी जिंदगी और लोकप्रियता से जुड़े कई दिलचस्प खुलासे किए। रवि किशन ने यह भी बताया कि वह खुद को 'बिहार का ब्रैड पिट' क्यों कहते हैं।
रवि किशन ने बताया खुद की तारीफ करने का कारण
शो में अपने इस चर्चित टैग के बारे में बात करते हुए रवि किशन ने कहा कि जिंदगी में कई मुश्किलों और झटकों का सामना करने के बाद उन्होंने एक अहम सबक सीखा। उनके मुताबिक, कोई दूसरा व्यक्ति आकर उनका प्रचार नहीं करेगा, इसलिए उन्हें खुद अपनी पहचान बनानी पड़ी।
उन्होंने कहा कि लोगों की नजर में आपकी छवि इस बात पर भी निर्भर करती है कि आप खुद को किस तरह पेश करते हैं। इसी वजह से उन्होंने अपनी पहचान को लेकर खुलकर बात करना और खुद को प्रमोट करना सीखा।
बोले- मैं परफेक्ट नहीं हूं, मुझसे भी गलतियां होती हैं
रवि किशन ने अपनी लोकप्रियता पर बात करते हुए कहा कि वह खुद को बिल्कुल परफेक्ट नहीं मानते। उनसे भी गलतियां होती हैं और वह उनकी जिम्मेदारी स्वीकार करते हैं। सांसद होने के नाते भी उन्होंने कहा कि उन्हें भगवान की तरह नहीं देखा जाना चाहिए।
अभिनेता के मुताबिक, लोगों ने उन्हें इसलिए पसंद किया क्योंकि वह उनके सामने बिल्कुल आम इंसान की तरह पेश आए। उनकी बातचीत और अंदाज लोगों को अपने जैसा लगा। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि इस उम्र में जेनरेशन Z के युवा उनसे इतना जुड़ाव महसूस करेंगे।
सोशल मीडिया पर युवाओं के बीच बढ़ी लोकप्रियता
पिछले कुछ समय में रवि किशन की लोकप्रियता युवाओं के बीच तेजी से बढ़ी है। उनके डांस वीडियो, भोजपुरी अंदाज में बोले गए संवाद और बेबाक बातचीत सोशल मीडिया पर खूब शेयर किए जाते हैं। उनका डायलॉग 'जिंदगी झंडवा, फिर भी घमंडवा' भी इंटरनेट पर काफी लोकप्रिय हुआ है। इंस्टाग्राम और एक्स पर उनके वीडियो क्लिप्स को बड़ी संख्या में लोग देखते हैं।
अक्षय कुमार के सुझाव पर साथ आए दोनों सितारे
शो के होस्ट करण जौहर ने बताया कि अक्षय कुमार के सुझाव पर रवि किशन को उनके साथ एक एपिसोड में बुलाया गया। करण ने अक्षय को बॉलीवुड का बड़ा नाम और रवि किशन को जेनरेशन Z का पसंदीदा चेहरा बताया। दोनों सितारों वाला यह एपिसोड बुधवार को जियोहॉटस्टार पर रिलीज हुआ।

