'रामायण' ने 9 दिनों में रचा इतिहास, दुनियाभर में ₹1,110 करोड़ के पार हुआ कलेक्शन; अब 'जवान' और 'धुरंधर' पर निशाना
रणबीर कपूर स्टारर फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने रिलीज के महज 8 दिनों में दुनियाभर में 1,033.55 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया था। वहीं, 9वें दिन तक फिल्म की वर्ल्डवाइड कमाई बढ़कर 1,110 करोड़ रुपये पहुंच गई।
इस शानदार प्रदर्शन के साथ फिल्म ने भारतीय सिनेमा की सबसे तेज 1,000 करोड़ रुपये कमाने वाली फिल्मों में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है। इससे पहले रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' और अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' ने रिलीज के सिर्फ 7 दिनों में यह आंकड़ा पार किया था।फिल्म ने कमाई के मामले में शाहरुख खान की 'पठान' को भी पीछे छोड़ दिया है। 'पठान' का लाइफटाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 1,055 करोड़ रुपये रहा था।
9 दिनों में भारत से ₹732 करोड़, विदेशों में ₹378 करोड़ की कमाई
'रामायण: पार्ट 1' ने घरेलू और विदेशी दोनों बाजारों में शानदार प्रदर्शन किया है। फिल्म के अब तक के कलेक्शन के आंकड़े इस प्रकार हैं।
-
भारत में नेट कलेक्शन: 612 करोड़ रुपये
-
भारत में ग्रॉस कलेक्शन: 732 करोड़ रुपये
-
विदेशी बाजारों से कमाई: 378 करोड़ रुपये
-
कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन: 1,110 करोड़ रुपये
इस तरह फिल्म की कुल कमाई में लगभग 65 प्रतिशत हिस्सेदारी भारतीय बाजार की है, जबकि करीब 35 प्रतिशत कमाई विदेशों से हुई है।
2026 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बनी
'रामायण: पार्ट 1' ने रिलीज के पहले सप्ताह में ही बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की है। फिल्म 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।
इसने अपनी कमाई के दम पर 'दृश्यम 3', 'जेलर 2' और 'हनुमान अंश' जैसी फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है।
हिंदी सिनेमा की छठी सबसे बड़ी फिल्म बनी
वर्ल्डवाइड कलेक्शन के आधार पर 'रामायण: पार्ट 1' हिंदी सिनेमा के इतिहास की छठी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।
इस सूची में आमिर खान की 'दंगल' पहले स्थान पर है। फिल्म ने दुनियाभर में करीब 2,054 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। अब देखना होगा कि रणबीर कपूर की यह फिल्म आगे कितने नए रिकॉर्ड अपने नाम करती है।
भारतीय सिनेमा की टॉप-10 फिल्मों में शामिल होने के करीब
भारतीय फिल्मों के ऑलटाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन की सूची में 'रामायण: पार्ट 1' फिलहाल 11वें स्थान पर पहुंच गई है। मौजूदा कमाई की रफ्तार को देखते हुए इसके जल्द ही टॉप-10 में जगह बनाने की संभावना जताई जा रही है।
फिल्म की आगे की कमाई पर ट्रेड एक्सपर्ट्स की भी नजर है। इसके प्रदर्शन के आधार पर यह रणवीर सिंह की 'धुरंधर' जैसी बड़ी फिल्मों को भी चुनौती दे सकती है।
₹2,000 करोड़ बजट वाली फिल्म को हिट होने के लिए कितनी कमाई करनी होगी?
बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाने के बावजूद फिल्म की सफलता को लेकर ट्रेड एक्सपर्ट्स की राय अलग-अलग है।
ट्रेड एक्सपर्ट सुमित कडेल ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि किसी फिल्म को हिट या फ्लॉप घोषित करने का फैसला केवल उसके कुल कलेक्शन से नहीं होता, बल्कि इसमें डिस्ट्रीब्यूटर शेयर की भी अहम भूमिका होती है।
उनके मुताबिक, मेकर्स ने हाईकोर्ट में फिल्म का आधिकारिक बजट 2,000 करोड़ रुपये बताया है। इस हिसाब से फिल्म को हिट होने के लिए हिंदी बाजार में कम से कम 1,100 करोड़ रुपये और दुनियाभर में करीब 2,800 करोड़ रुपये की कमाई करनी होगी।
वहीं, ट्रेड एक्सपर्ट रोहित जायसवाल का मानना है कि फिल्म को खराब से खराब स्थिति में भी दुनियाभर में 2,400 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन करना होगा। उन्होंने फिल्म के फुटफॉल यानी टिकट खरीदकर सिनेमाघरों में पहुंचने वाले दर्शकों की संख्या पर भी सवाल उठाए हैं।
उनका कहना है कि टिकटों की बढ़ी हुई कीमतों के कारण दर्शकों की संख्या उम्मीद के मुताबिक नहीं है। शुरुआती 8 दिनों का फुटफॉल 'गदर 2' से भी कम बताया गया है। ऐसे में केवल बड़े कलेक्शन के आंकड़ों को देखकर फिल्म की सफलता का आकलन नहीं किया जा सकता।
रणबीर कपूर के करियर की पहली 1,000 करोड़ी फिल्म
'रामायण: पार्ट 1' रणबीर कपूर के करियर की पहली ऐसी फिल्म बन गई है, जिसने दुनियाभर में 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया है।
इससे पहले उनकी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में 'एनिमल' शामिल थी। संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड करीब 917 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।
अब 'रामायण: पार्ट 1' ने इस रिकॉर्ड को काफी पीछे छोड़ दिया है। फिल्म की कमाई को देखते हुए दर्शकों और ट्रेड विश्लेषकों की नजर इसके अगले बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड पर टिकी हुई है।

