Samachar Nama
×

रक्षाबंधन स्पेशल : 'हम साथ-साथ हैं' से 'जिगरा' तक, राखी के दिन परिवार संग जरूर देखें ये फिल्में

मुंबई, 27 अगस्त (आईएएनएस)। रक्षाबंधन का त्योहार उन यादों को फिर से जीने का मौका देता है, जो भाई-बहन के साथ बचपन से जुड़ी होती हैं। कभी छोटी-सी बात पर लड़ाई, कभी एक-दूसरे की शिकायत और कभी मुश्किल समय में बिना कहे साथ खड़े होना, भाई-बहन का रिश्ता इन सभी भावनाओं से मिलकर बनता है।

मुंबई, 27 अगस्त (आईएएनएस)। रक्षाबंधन का त्योहार उन यादों को फिर से जीने का मौका देता है, जो भाई-बहन के साथ बचपन से जुड़ी होती हैं। कभी छोटी-सी बात पर लड़ाई, कभी एक-दूसरे की शिकायत और कभी मुश्किल समय में बिना कहे साथ खड़े होना, भाई-बहन का रिश्ता इन सभी भावनाओं से मिलकर बनता है।

इस रिश्ते की इसी खूबसूरती को बॉलीवुड ने भी कई बार पर्दे पर उतारा है। कुछ फिल्मों में भाई अपनी बहन के लिए हर मुश्किल से लड़ता दिखाई देता है, तो कुछ कहानियों में बहन अपने भाई को बचाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार रहती है। ऐसे में अगर इस रक्षाबंधन पर परिवार के साथ घर में बैठकर फिल्म देखने का प्लान बना रहे हैं, तो ये फिल्में आपके दिन को और खास बना सकती हैं।

'हम साथ-साथ हैं' - सूरज बड़जात्या की साल 1999 में आई फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' परिवार और रिश्तों पर बनी लोकप्रिय फिल्मों में शामिल है। फिल्म में तीन भाइयों और उनकी बहन के बीच का रिश्ता भी कहानी का अहम हिस्सा है। परिवार में गलतफहमियां आती हैं, दूरियां बनती हैं, लेकिन भाई-बहन और पूरे परिवार का प्यार कमजोर नहीं पड़ता। फिल्म में रक्षाबंधन से जुड़ा सीन भी दर्शकों को भावुक करता है। सलमान खान, सैफ अली खान, मोहनीश बहल और नीलम जैसे कलाकारों से सजी यह फिल्म परिवार के साथ देखने लायक है।

'माय ब्रदर... निखिल' - संजय सूरी और जूही चावला की साल 2005 में आई फिल्म भाई-बहन के रिश्ते की एक बेहद भावुक कहानी है। फिल्म में निखिल की जिंदगी में मुश्किल समय आता है, लेकिन उसकी बहन हर कदम पर उसके साथ खड़ी रहती है। कहानी यह दिखाती है कि जब दुनिया किसी इंसान से दूर होने लगे, तब परिवार का प्यार उसके लिए कितनी बड़ी ताकत बनता है। भाई-बहन के रिश्ते को खूबसूरती से दिखाने वाली यह फिल्म रक्षाबंधन पर भावुक करती है।

'फिजा' - करिश्मा कपूर और ऋतिक रोशन की 'फिजा' भाई-बहन के रिश्ते पर बनी सबसे इमोशनल फिल्मों में गिनी जाती है। साल 2000 में आई इस फिल्म में ऋतिक ने अमान और करिश्मा ने फिजा का किरदार निभाया था। दंगों के बाद अमान गायब हो जाता है और उसकी बहन उसे ढूंढने की उम्मीद नहीं छोड़ती। वह अपने भाई को वापस पाने के लिए लंबे समय तक कोशिश करती रहती है। फिल्म में बहन का अपने भाई के लिए प्यार और उसे बचाने की कोशिश कहानी का सबसे मजबूत हिस्सा है।

'रक्षा बंधन' - फिल्म के नाम से ही साफ है कि अक्षय कुमार की 'रक्षा बंधन' भाई-बहन के रिश्ते पर केंद्रित है। साल 2022 में आई इस फिल्म में अक्षय कुमार का किरदार अपनी बहनों की शादी कराने की जिम्मेदारी उठाता है। इस जिम्मेदारी के दौरान उसके सामने कई मुश्किलें आती हैं। फिल्म में परिवार की परेशानियों के साथ भाई-बहन के प्यार और एक-दूसरे के लिए किए जाने वाले त्याग को दिखाया गया है। कहानी कहीं हंसाती है तो कहीं भावुक भी करती है।

'जिगरा' - आलिया भट्ट की 'जिगरा' भाई-बहन के रिश्ते को थोड़ा अलग नजरिए से दिखाती है। फिल्म में दिखाया जाता है कि एक बहन अपने भाई की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। आलिया का किरदार अपने भाई को मुश्किल से निकालने के लिए लगातार कोशिश करता है। रक्षाबंधन पर इस फिल्म को देखना इसलिए भी खास है, क्योंकि इसमें भाई द्वारा बहन की रक्षा करने वाली सोच को नहीं, बल्कि बहन के अपने भाई के लिए लड़ने की कहानी दिखाई गई है।

'सरबजीत' - अगर आप किसी सच्ची घटना से जुड़ी कहानी देखना चाहते हैं, तो 'सरबजीत' भी एक विकल्प है। फिल्म में सरबजीत के पाकिस्तान की जेल में फंसने के बाद उसकी बहन दलबीर कौर का संघर्ष दिखाया गया है। वह अपने भाई को वापस लाने के लिए लंबे समय तक कोशिश करती है और कई मुश्किलों का सामना करती है। भाई के लिए बहन का यह संघर्ष फिल्म को बेहद भावुक बना देता है।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम

Share this story