लंदन वेकेशन पर प्रियंका चोपड़ा का फैमिली टाइम, बेटी मालती ने खोले मां के बाल; वीडियो में जाने विंबलडन से शेयर कीं खास यादें
बॉलीवुड से हॉलीवुड तक अपनी पहचान बना चुकीं ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा इन दिनों पति निक जोनास और बेटी मालती मैरी के साथ लंदन में छुट्टियां मना रही हैं। अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस फैमिली ट्रिप की कई तस्वीरें और वीडियो साझा किए हैं, जिनमें परिवार के साथ बिताए गए खूबसूरत पल देखने को मिल रहे हैं।
इन तस्वीरों और वीडियो में सबसे ज्यादा चर्चा एक प्यारे वीडियो की हो रही है, जिसमें नन्हीं मालती मैरी अपनी मां के बालों से हेयरपिन निकालती नजर आ रही हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर फैंस का दिल जीत रहा है।
विंबलडन 2026 का भी लिया आनंद
लंदन प्रवास के दौरान प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास विंबलडन 2026 के मुकाबले देखने भी पहुंचे। इंस्टाग्राम पोस्ट की शुरुआती तस्वीरों में प्रियंका सेंटर कोर्ट पर मैच का आनंद लेते हुए और वहां मौजूद लोगों से मुलाकात करती दिखाई दे रही हैं।इसके बाद उन्होंने परिवार के साथ बिताए निजी और यादगार पलों की झलक भी साझा की।
बेटी मालती का क्यूट अंदाज वायरल
पोस्ट के आखिर में साझा किए गए वीडियो में प्रियंका अपनी बेटी मालती के साथ कहानी सुनती नजर आती हैं। इसी दौरान वह मालती से अपने जूड़े में लगी हेयरपिन निकालने के लिए कहती हैं।वीडियो में मालती बेहद ध्यान और मासूमियत से एक-एक करके हेयरपिन निकालती दिखाई देती हैं। मां-बेटी के इस भावुक और प्यारे पल को फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।
बेटी का चेहरा अब भी रखा प्राइवेट
प्रियंका चोपड़ा ने इस बार भी अपनी बेटी मालती मैरी का चेहरा सार्वजनिक नहीं किया। उन्होंने सभी तस्वीरों और वीडियो में बेटी की निजता का पूरा ध्यान रखा है। प्रियंका और निक जोनास पहले भी कई मौकों पर स्पष्ट कर चुके हैं कि वे फिलहाल अपनी बेटी को मीडिया की सुर्खियों से दूर रखना चाहते हैं।
निक जोनास की जगह इस बार मालती बनीं 'हेल्पर'
दिलचस्प बात यह है कि आमतौर पर किसी सार्वजनिक कार्यक्रम के बाद निक जोनास प्रियंका के बालों से हेयरपिन निकालने में उनकी मदद करते नजर आते हैं। लेकिन इस बार यह जिम्मेदारी नन्हीं मालती ने निभाई, जिसने इस वीडियो को और भी खास बना दिया।
फैंस ने लुटाया प्यार
प्रियंका चोपड़ा की इस पोस्ट पर लाखों लाइक्स और कमेंट्स आ चुके हैं। फैंस खास तौर पर मां-बेटी के बीच की बॉन्डिंग और परिवार के साथ बिताए गए इन निजी पलों की जमकर तारीफ कर रहे हैं। लंदन वेकेशन की ये झलकियां सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और प्रशंसकों को काफी पसंद आ रही हैं।

