Prachi Desai Birthday: 17 की उम्र में बनीं स्टार, फिल्मों में जमाया रंग, फिर रोहित शेट्टी संग जुड़ा नाम
टीवी की दुनिया से अपने करियर की शुरुआत कर बॉलीवुड तक पहचान बनाने वाली प्राची देसाई आज अपना 38वां जन्मदिन मना रही हैं। महज 17 साल की उम्र में एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने वाली प्राची ने कम समय में ही दर्शकों के बीच खास जगह बना ली थी। छोटे पर्दे पर सफलता हासिल करने के बाद उन्होंने फिल्मों का रुख किया और कई चर्चित प्रोजेक्ट्स में नजर आईं। हालांकि, अपने करियर के अलावा प्राची अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी खूब सुर्खियों में रही हैं। उनका नाम मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी के साथ भी जोड़ा गया था।
17 साल की उम्र में शुरू हुआ एक्टिंग सफर
प्राची देसाई का जन्म 12 सितंबर 1988 को गुजरात के सूरत में हुआ था। बचपन से ही उनका झुकाव एक्टिंग की तरफ था। इसी वजह से उन्होंने बेहद कम उम्र में मनोरंजन की दुनिया में कदम रख दिया। साल 2006 में उन्हें एकता कपूर के टीवी शो 'कसम से' में काम करने का मौका मिला। इस सीरियल में उन्होंने राम कपूर के साथ स्क्रीन शेयर की और अपनी एक्टिंग से दर्शकों का ध्यान खींचा।
'झलक दिखला जा 2' जीतकर बढ़ाई पहचान
प्राची सिर्फ एक्टिंग में ही माहिर नहीं थीं, बल्कि डांस में भी उनकी अच्छी पकड़ थी। इसका नजारा डांस रियलिटी शो 'झलक दिखला जा' में देखने को मिला। साल 2007 में उन्होंने शो के दूसरे सीजन में हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए इसकी विजेता बनीं। इस जीत के बाद उनकी लोकप्रियता टीवी दर्शकों के बीच और बढ़ गई।
'रॉक ऑन!!' से बॉलीवुड में रखा कदम
टीवी के बाद प्राची ने बड़े पर्दे की ओर रुख किया। साल 2008 में वह फरहान अख्तर स्टारर फिल्म 'रॉक ऑन!!' से बॉलीवुड में नजर आईं। इसके बाद उन्होंने 'वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई', 'तेरी मेरी कहानी', 'बोल बच्चन', 'पुलिसगिरी', 'आई, मी और मैं', 'अज़हर' और 'रॉक ऑन 2' जैसी फिल्मों में काम किया।
रोहित शेट्टी संग रिश्ते की खबरों ने बटोरी सुर्खियां
प्राची देसाई का नाम उस वक्त काफी चर्चा में आया, जब उनका नाम फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के साथ जोड़ा गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों की नजदीकियां फिल्म 'बोल बच्चन' की शूटिंग के दौरान बढ़ी थीं। उस समय रोहित शेट्टी शादीशुदा थे। दोनों के कथित रिश्ते को लेकर कई तरह की खबरें सामने आईं और यहां तक कहा गया कि इसकी वजह से रोहित की शादीशुदा जिंदगी पर भी असर पड़ा था। हालांकि, बाद में दोनों के रास्ते अलग हो गए और रोहित अपने परिवार के साथ बने रहे।
अब कहां हैं प्राची देसाई?
प्राची देसाई पिछले कुछ समय से फिल्मों में कम नजर आ रही हैं। उनकी हालिया फिल्मों में 2024 में ZEE5 पर रिलीज हुई थ्रिलर फिल्म 'साइलेंस 2: द नाइट आउल बार शूटआउट' शामिल है। फिलहाल वह पहले की तरह लगातार फिल्मों में दिखाई नहीं देतीं, लेकिन टीवी से बॉलीवुड तक का उनका सफर आज भी दर्शकों के बीच चर्चा में रहता है।

