Samachar Nama
×

पिता की 14वीं पुण्यतिथि पर भावुक हुए रितेश देशमुख, बोले- मेरा वनवास अभी खत्म नहीं हुआ

मुंबई, 14 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेता रितेश देशमुख ने अपने पिता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख की 14वीं पुण्यतिथि पर एक पुरानी तस्वीर शेयर की। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने भावुक अंदाज में अपने पिता को याद किया।

मुंबई, 14 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेता रितेश देशमुख ने अपने पिता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख की 14वीं पुण्यतिथि पर एक पुरानी तस्वीर शेयर की। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने भावुक अंदाज में अपने पिता को याद किया।

रितेश ने इंस्टाग्राम पर पिता विलासराव देशमुख की एक थ्रोबैक तस्वीर शेयर की। उन्होंने लिखा, ''आपको गए 14 साल हो गए, लेकिन मेरा वनवास अभी तक खत्म नहीं हुआ।'' इस पोस्ट पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख ने भी कमेंट किया। उन्होंने हार्ट ब्रेक वाली इमोजी शेयर कीं।

विलासराव देशमुख महाराष्ट्र की राजनीति का जाना-पहचाना नाम थे। वह लंबे समय तक राजनीति में सक्रिय रहे। साल 2011 में उन्हें लिवर से जुड़ी गंभीर बीमारी के बारे में पता चला। इसके बाद उनका इलाज चलता रहा, लेकिन अगस्त 2012 में उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई और उन्हें मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि उनके लिवर और किडनी दोनों पर गंभीर असर पड़ा था।

हालत गंभीर होने के बाद विलासराव देशमुख को एयर एंबुलेंस के जरिए बेहतर इलाज और लिवर ट्रांसप्लांट के लिए चेन्नई ले जाया गया, लेकिन 14 अगस्त 2012 को शरीर के कई अंगों के काम करना बंद कर देने की वजह से उनका निधन हो गया।

पिता के निधन से टूटे रितेश ने धीरे-धीरे अपने करियर पर ध्यान देना शुरू किया और फिल्मों में अपनी पहचान को मजबूत किया। आज वह हिंदी सिनेमा के जाने-माने अभिनेताओं में शामिल हैं। कॉमेडी से लेकर गंभीर किरदारों तक, उन्होंने अलग-अलग तरह की भूमिकाएं निभाई हैं। रितेश हाल ही में फिल्म 'धमाल 4' में नजर आए हैं। वहीं ओटीटी की दुनिया में उन्होंने 'लॉक अप' के दूसरे सीजन को होस्ट किया था।

--आईएएनएस

पीके/वीसी

Share this story