Naagin 8: एकता कपूर ने दिया नए सीजन का हिंट, 8 नंबर से है परेशानी, अब क्या होगा शो का नाम?
टीवी की मशहूर प्रोड्यूसर एकता कपूर अपने लोकप्रिय शो ‘नागिन’ के नए सीजन को लेकर चर्चा में हैं। शो के अगले सीजन का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच एकता कपूर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने ‘नागिन 8’ को लेकर दिलचस्प बात कही। उनके बयान के बाद फैंस के बीच सवाल उठने लगे हैं कि क्या शो का आठवां सीजन किसी नए नाम से रिलीज होगा।
8वें सीजन के नाम को लेकर क्यों उलझीं एकता कपूर?
एकता कपूर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर ‘नागिन’ के नए सीजन को लेकर एक वीडियो साझा किया। इसमें उन्होंने बताया कि नए सीजन पर काम शुरू हो चुका है, लेकिन आठ नंबर उनके लिए लकी नहीं है। इसी वजह से वह ‘नागिन 8’ नाम रखने को लेकर असमंजस में हैं।
वीडियो में एकता इस समस्या का मजाकिया अंदाज में जिक्र करती नजर आती हैं। उनकी दोस्त उन्हें याद दिलाती हैं कि ‘नागिन’ शो उनके लिए लकी रहा है। इसके बाद एकता ‘नागिन 7.9’ जैसे नाम का सुझाव देती हैं। उनकी दोस्त ‘नागिन 7 (2.0)’ का विकल्प देती हैं। आखिर में एकता सवाल करती हैं कि शो का नाम सीधे ‘नागिन 9’ रख दिया जाए तो कैसा रहेगा। उन्होंने फैंस से भी इस बारे में राय मांगी है।
नई नागिन को लेकर भी दिया हिंट
एकता कपूर ने एक अन्य वीडियो में नए सीजन की नागिन को लेकर भी संकेत दिया। उन्होंने तनुश्री गुप्ता को टैग करते हुए उन्हें अगली नागिन बताया। वीडियो में तनुश्री कहती हैं कि उन्होंने इसके लिए ऑडिशन दिया था और उनका चयन हो गया है।
हालांकि, यह वीडियो मजाकिया अंदाज में बनाया गया है या फिर इसमें नए सीजन की कास्ट को लेकर कोई वास्तविक संकेत दिया गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एकता ने वीडियो में कलाकारों के बारे में पूरी जानकारी भी साझा नहीं की।
कब आएगा ‘नागिन’ का नया सीजन?
‘नागिन’ के नए सीजन को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है। एकता कपूर के वीडियो से संकेत मिलता है कि शो पर काम चल रहा है, लेकिन इसके नाम, कलाकारों और रिलीज डेट को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
अब देखना होगा कि एकता कपूर आठवें सीजन को किसी नए नाम से पेश करती हैं या फिर सीधे ‘नागिन 9’ के साथ दर्शकों के सामने आती हैं। फिलहाल फैंस को शो से जुड़ी आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।

