मुंबईकरों की फैन हुईं माधुरी दीक्षित, बोलीं- यहां के लोग मदद के लिए तुंरत आते हैं आगे
मुंबई, 21 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के मराठी क्विज शो 'कौन होणार करोड़पति' में अभिनेता और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर भुवन बाम गेस्ट के तौर पर शिरकत हुए थे। इस दौरान अभिनेत्री ने मुंबई शहर के प्रति अपने लगाव पर बात की।
अभिनेत्री और भुवन बाम ने मुंबई के लिए अपने प्यार पर बात की, इस दौरान माधुरी दीक्षित ने मुंबई की खूबी पर प्रकाश डाला, जो उनकी नजर में मुंबईकरों को सबसे अलग बनाती है। अभिनेत्री ने बताया कि मुंबई के लोग दिल के बहुत अच्छे होते हैं और हमेशा अपने आसपास के लोगों की मदद के लिए तैयार रहते हैं। शो के दौरान माधुरी दीक्षित अभिनेता भुवन बाम से पूछती हैं, "आपको मुंबई में क्या पसंद हैं?" , भुवन बाम कहते हैं, "यहां के लोग।"
माधुरी दीक्षित भुवन बाम की बात से सहमती जताते हुए कहती हैं, "यहां के लोग मदद के लिए तुरंत आगे आते हैं और यहां बहुत अपनापन है।" भुवन तुरंत उनकी बात से सहमत हो गए और बोले, "सौ प्रतिशत।" इसके बाद माधुरी ने सीटी बजाई और मुंबईकरों को सलाम करते हुए अपना हाथ उठाया।
बता दें कि माधुरी दीक्षित का पालन-पोषण मुंबई में ही हुआ है और उनका बचपन शहर के अंधेरी इलाके में बीता है। बाद में उन्होंने विले पार्ले में कॉलेज की पढ़ाई की और फिर बॉलीवुड में अपना करियर बनाया।
शादी के बाद माधुरी अमेरिका चली गईं और अपने बच्चों की परवरिश के दौरान कई साल तक मुंबई से दूर रहीं। बाद में वह वापस शहर लौट आईं और भारतीय मनोरंजन जगत में अपने पेशेवर सफर को फिर से शुरू किया। मराठी सिनेमा के साथ माधुरी दीक्षित के जुड़ाव की बात करें तो उन्होंने 'बकेट लिस्ट' से मराठी फिल्मों में डेब्यू किया था और तब से मराठी सिनेमा के साथ उनका जुड़ाव और मजबूत होता गया है।
उन्होंने अपने पति डॉ. श्रीराम नेने के साथ प्रोड्यूसर के तौर पर भी काम किया और '15 अगस्त' और 'पंचक' जैसे प्रोजेक्ट्स को बैक किया। वह एक्ट्रेस और प्रोड्यूसर के तौर पर हिंदी और मराठी सिनेमा में लगातार सक्रिय हैं।
--आईएएनएस
एनएस/पीएम

