रिलीज से पहले ही ‘मिर्जापुर द मूवी’ का जलवा, एडवांस बुकिंग में करोड़ों की कमाई; पहले दिन हो सकती है छप्परफाड़ ओपनिंग
‘मिर्जापुर द मूवी’ 4 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। लोकप्रिय वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ के फैंस लंबे समय से इसके बड़े पर्दे पर आने का इंतजार कर रहे हैं। फिल्म की रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग में जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है।
एडवांस बुकिंग में 6 करोड़ के पार पहुंची कमाई
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म के हिंदी 2D फॉर्मेट में अब तक 1 लाख 34 हजार 58 टिकटों की प्री-सेल हो चुकी है। वहीं तेलुगु 2D फॉर्मेट में 312 टिकट बिके हैं।
इस तरह देशभर में फिल्म के करीब 1 लाख 34 हजार 370 टिकटों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। ब्लॉक सीटों को छोड़कर फिल्म ने प्री-सेल से करीब 3.8 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। वहीं ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर एडवांस बुकिंग का आंकड़ा करीब 6.03 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
फिल्म की रिलीज से पहले एडवांस बुकिंग के लिए एक दिन और बाकी है। ऐसे में मेकर्स को उम्मीद है कि प्री-सेल कलेक्शन में और तेजी देखने को मिल सकती है।
15 करोड़ की ओपनिंग का अनुमान
एडवांस बुकिंग के मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए फिल्म की ओपनिंग को लेकर भी उम्मीदें बढ़ गई हैं। ‘मिर्जापुर द मूवी’ को सोलो रिलीज का फायदा मिलेगा। इसके अलावा जन्माष्टमी की छुट्टी भी फिल्म के कारोबार को बढ़ाने में मदद कर सकती है।
ट्रेड एक्सपर्ट्स के अनुमान के मुताबिक फिल्म पहले दिन करीब 15 करोड़ रुपये नेट कमा सकती है। अगर दर्शकों से इसे अच्छी प्रतिक्रिया मिली और पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ बना, तो फिल्म 20 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार कर सकती है।
पुराने किरदार फिर आएंगे नजर
फिल्म में ‘मिर्जापुर’ की ओरिजिनल स्टार कास्ट का बड़ा हिस्सा वापस लौट रहा है। पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, रसिका दुग्गल, राजेश तैलंग, श्वेता त्रिपाठी, शीबा चड्ढा, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, कुलभूषण खरबंदा और अभिषेक बनर्जी समेत कई कलाकार फिल्म का हिस्सा हैं।
वहीं रवि किशन, मोहित मलिक, सुशांत सिंह, जितेंद्र कुमार और सोनल चौहान जैसे कलाकार भी फिल्म में नजर आएंगे।
4 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म
गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी ‘मिर्जापुर द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने प्रोड्यूस किया है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि जिस ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी ने ओटीटी पर अपनी अलग पहचान बनाई, वह बड़े पर्दे पर बॉक्स ऑफिस पर कितनी बड़ी शुरुआत कर पाती है।

