Samachar Nama
×

Mirzapur The Movie Box Office: दूसरे हफ्ते में भी जारी है जलवा, 8वें दिन कमाए 9 करोड़; टॉप 10 में बनाई जगह
 

Mirzapur The Movie Box Office: दूसरे हफ्ते में भी जारी है जलवा, 8वें दिन कमाए 9 करोड़; टॉप 10 में बनाई जगह

‘मिर्जापुर द मूवी’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत पकड़ बनाए हुए है। फिल्म ने रिलीज के पहले सप्ताह में शानदार कमाई करने के बाद अब दूसरे हफ्ते की शुरुआत भी दमदार अंदाज में की है। खास बात यह है कि वीकडेज में भी फिल्म की कमाई 10 करोड़ रुपये के आसपास बनी रही, जिससे इसके कारोबार ने ट्रेड को प्रभावित किया है। अब फिल्म ने अपनी कमाई के मामले में इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ को भी पीछे छोड़ दिया है।


8वें दिन भी करोड़ों में हुई कमाई
‘मिर्जापुर द मूवी’ ने अपने पहले सात दिनों में कुल 148.45 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। दूसरे हफ्ते के पहले दिन यानी रिलीज के 8वें दिन भी फिल्म ने अपनी रफ्तार बरकरार रखी।
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने दूसरे शुक्रवार को करीब 9 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का 8 दिनों का कुल नेट कलेक्शन बढ़कर 157.45 करोड़ रुपये हो गया है।


‘हैवान’ से भी आगे निकली फिल्म
दूसरे हफ्ते में ‘मिर्जापुर द मूवी’ की टक्कर अक्षय कुमार की नई फिल्म ‘हैवान’ से भी हुई। जहां ‘हैवान’ ने ओपनिंग डे पर करीब 3 करोड़ रुपये की कमाई की, वहीं ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने अपने आठवें दिन भी लगभग 9 करोड़ रुपये का कलेक्शन करके अपनी मजबूत पकड़ दिखा दी।
‘आवारापन 2’ का रिकॉर्ड भी टूटा
157.45 करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंचते ही ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने एक और उपलब्धि हासिल कर ली। फिल्म ने इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ के 156.04 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।
इस प्रदर्शन के साथ ‘मिर्जापुर द मूवी’ 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में छठे नंबर पर पहुंच गई है।

2026 की टॉप 10 फिल्मों में कौन-कौन शामिल?
•    धुरंधर 2 – 1186.32 करोड़ रुपये
•    बॉर्डर 2 – 362.76 करोड़ रुपये
•    भूत बंगला – 199.23 करोड़ रुपये
•    धमाल 4 – 177.92 करोड़ रुपये
•    हनुमान अंश – 163.13 करोड़ रुपये
•    मिर्जापुर द मूवी – 157.45 करोड़ रुपये
•    आवारापन 2 – 156.04 करोड़ रुपये
•    टॉक्सिक (हिंदी) – 143.77 करोड़ रुपये
•    वेलकम टू द जंगल – 137.93 करोड़ रुपये
•    कॉकटेल 2 – 104.53 करोड़ रुपये
90 करोड़ के बजट में बनी है फिल्म
‘मिर्जापुर द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। फिल्म का निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेज़न MGM स्टूडियोज के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने किया है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा, जितेंद्र कुमार और रवि किशन अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का बजट करीब 90 करोड़ रुपये बताया गया है। ऐसे में मौजूदा बॉक्स ऑफिस आंकड़े फिल्म के लिए काफी मजबूत प्रदर्शन की ओर इशारा कर रहे हैं।
 

Share this story

Tags