Samachar Nama
×

Meenakshi Seshadri Birthday: 'दामिनी' से मिली पहचान, कभी कहा गया पनौती; अब 30 साल बाद फिल्मों में वापसी की तैयारी

Meenakshi Seshadri Birthday: 'दामिनी' से मिली पहचान, कभी कहा गया पनौती; अब 30 साल बाद फिल्मों में वापसी की तैयारी

फिल्म 'हीरो' से बॉलीवुड में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि आज 63 साल की हो गई हैं। 80 और 90 के दशक में उन्होंने 'घायल', 'दामिनी', 'डकैत' और 'घर हो तो ऐसा' जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय से दर्शकों के बीच खास जगह बनाई। सनी देओल के साथ उनकी जोड़ी भी काफी लोकप्रिय रही। लंबे समय तक फिल्मी दुनिया से दूर रहने के बाद अब मीनाक्षी एक बार फिर अभिनय की दूसरी पारी शुरू करने की तैयारी कर रही हैं।

फ्लॉप फिल्मों के बाद कहा जाने लगा था 'पनौती'

मीनाक्षी ने अपने करियर में सफलता के साथ मुश्किल दौर भी देखा। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि लगातार कई फिल्में फ्लॉप होने के बाद कुछ गॉसिप मैगजीन और पत्रकार उन्हें 'जिंक्स' यानी पनौती कहने लगे थे।

हालांकि, उन्होंने इन बातों को खुद पर हावी नहीं होने दिया। मीनाक्षी के मुताबिक, भगवद्गीता की सीख ने उन्हें मुश्किल समय में हिम्मत दी। उन्होंने कर्म पर ध्यान दिया और नतीजे की चिंता किए बिना काम जारी रखा।

इसके बाद 1990 में 'घायल' और 'घर हो तो ऐसा' जैसी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया। मीनाक्षी अब मानती हैं कि इन फिल्मों की सफलता में उनका भी अहम योगदान था।

श्रीदेवी और माधुरी के दौर में बनाई अलग पहचान

1985 से 1993 तक मीनाक्षी के करियर का सबसे सफल दौर रहा। इस दौरान उन्होंने कई हिट फिल्में दीं। उस समय श्रीदेवी, माधुरी दीक्षित और जूही चावला जैसी अभिनेत्रियां भी फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय थीं।

मीनाक्षी ने कहा था कि वह खुद को खुशकिस्मत मानती हैं कि उन्हें इन प्रतिभाशाली अभिनेत्रियों के साथ काम करने और उस दौर का हिस्सा बनने का मौका मिला। उनके मुताबिक, इन चारों अभिनेत्रियों ने मिलकर हिंदी सिनेमा पर एक खास प्रभाव छोड़ा।

स्कूल बस से देखा अमिताभ-रेखा का शूट

मीनाक्षी ने अमिताभ बच्चन से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। जब वह 12वीं कक्षा में थीं, तब दिल्ली में स्कूल बस से घर लौटते समय उन्होंने अमिताभ बच्चन और रेखा को फिल्म 'सिलसिला' की शूटिंग करते देखा था। दोनों मोटरसाइकिल पर शूटिंग कर रहे थे और स्कूल बस में बैठे बच्चे उन्हें देखकर उत्साहित हो गए थे।

कई साल बाद मीनाक्षी को अमिताभ के साथ फिल्म 'शहंशाह' में काम करने का मौका मिला। एक गाने की शूटिंग के दौरान वह अमिताभ के पीछे मोटरसाइकिल पर बैठी थीं। तब उन्होंने उन्हें स्कूल के दिनों वाला किस्सा याद दिलाया। मीनाक्षी के मुताबिक, अमिताभ ने उन्हें मेहनत और अनुशासन के साथ काम करने की सलाह दी थी।

'दामिनी' के बाद चुनिंदा किरदार करने का फैसला

'घायल' और 'घर हो तो ऐसा' की सफलता के बाद मीनाक्षी अपने किरदारों को लेकर ज्यादा सतर्क हो गई थीं। वह ऐसी भूमिकाएं नहीं करना चाहती थीं, जिनमें अभिनेत्री की मौजूदगी सिर्फ कुछ गानों या क्लाइमैक्स तक सीमित हो।

फिल्म 'दामिनी' उनके करियर की सबसे महत्वपूर्ण फिल्मों में शामिल रही। इसमें उन्होंने महिलाओं के खिलाफ अपराध और न्याय व्यवस्था की खामियों जैसे गंभीर मुद्दों को पर्दे पर उठाया। फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया और मीनाक्षी के अभिनय को भी सराहना मिली।

'हीरो' के लिए बिना स्क्रीन टेस्ट हुई थीं साइन

मीनाक्षी की पहली बड़ी पहचान फिल्म 'हीरो' से बनी थी। उन्होंने बताया था कि सुभाष घई ने पहले इस फिल्म के लिए कमल हासन को चुना था, लेकिन बाद में जैकी श्रॉफ और मीनाक्षी को मुख्य भूमिकाओं में लिया गया।

सुभाष घई ने उनकी पिछली फिल्म 'पेंटर बाबू' के फुटेज देखकर उन्हें राधा के किरदार के लिए पसंद किया था। खास बात यह रही कि मीनाक्षी को बिना स्क्रीन टेस्ट के ही फिल्म में साइन कर लिया गया।

शुरुआत में 'हीरो' की रफ्तार धीमी रही, लेकिन तीसरे सप्ताह के बाद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। मीनाक्षी मनोज कुमार को अपना पहला और सुभाष घई को दूसरा गुरु मानती हैं।

शूटिंग के दौरान उंगली में घुस गया था कांटा

फिल्म 'हीरो' के गाने 'तू मेरा हीरो है' की शूटिंग के दौरान मीनाक्षी के साथ एक हादसा हुआ था। मनोरी में शूटिंग के दौरान उनकी उंगली में बड़ा कांटा घुस गया। इसके बावजूद उन्होंने शूटिंग नहीं रोकी और जैकी श्रॉफ के साथ गाने की शूटिंग पूरी की। पैकअप के बाद उनकी उंगली से कांटा निकाला गया।

मीनाक्षी ने बताया कि बचपन से खेल और डांस की ट्रेनिंग ने उन्हें अनुशासन और मेहनत करना सिखाया। यही वजह थी कि वह मुश्किल परिस्थितियों में भी अपने काम पर ध्यान देती थीं।

30 साल बाद फिर अभिनय की तैयारी

मीनाक्षी शेषाद्रि लंबे समय से फिल्मों से दूर हैं, लेकिन अब वह अभिनय में वापसी की तैयारी कर रही हैं। अपने पुराने अनुभवों और उपलब्धियों पर भी वह पहले के मुकाबले ज्यादा खुलकर बात कर रही हैं। उनके प्रशंसकों को इंतजार है कि वह अपनी दूसरी पारी में किस तरह के किरदार के साथ पर्दे पर लौटेंगी।

Share this story

Tags