Samachar Nama
×

Malayalam Film Industry: डॉक्टर से मारपीट और लूट का आरोप, एक्ट्रेस अतुल्या चंद्रा और एक्टर बिबिन पेरुमपिल्ली गिरफ्तार

Malayalam Film Industry: डॉक्टर से मारपीट और लूट का आरोप, एक्ट्रेस अतुल्या चंद्रा और एक्टर बिबिन पेरुमपिल्ली गिरफ्तार

मलयालम फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। केरल के कोच्चि में एक युवा डॉक्टर के साथ कथित मारपीट और लूटपाट के मामले में पुलिस ने एक्ट्रेस अतुल्या चंद्रा और एक्टर बिबिन पेरुमपिल्ली समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में कुल 12 लोगों के शामिल होने का आरोप है, जिनमें 10 अज्ञात आरोपी बताए जा रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लेकर गई।

बीमार रिश्तेदार के इलाज के बहाने बुलाया

मामला कोच्चि के पोनुरुन्नी इलाके में स्थित एसेन स्प्रिंगडेल अपार्टमेंट का है। शिकायत के मुताबिक, अतुल्या चंद्रा और बिबिन पेरुमपिल्ली समेत कुछ लोगों ने एक युवा डॉक्टर को फोन करके अपार्टमेंट में बुलाया था। उन्हें बताया गया कि अतुल्या की एक रिश्तेदार की तबीयत खराब है और उसे इलाज की जरूरत है।

डॉक्टर अतुल्या को पहले से जानते थे, इसलिए उनकी बात पर भरोसा करके अपार्टमेंट पहुंच गए। आरोप है कि वहां पहले से करीब 12 लोग मौजूद थे। डॉक्टर को एक कमरे में बंद कर दिया गया और उनके साथ मारपीट की गई।

मोबाइल और महंगे गैजेट छीनने का आरोप

डॉक्टर ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि बिबिन पेरुमपिल्ली ने उन्हें थप्पड़ मारे और पसलियों के पास घूंसे से हमला किया। वहां मौजूद अन्य लोगों ने भी उनके साथ मारपीट की।

इसके अलावा आरोपियों पर डॉक्टर का मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच और वायरलेस ईयरफोन छीनने का आरोप है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इन सामानों की कुल कीमत करीब 3 से 3.5 लाख रुपये बताई गई है।

एक्ट्रेस पर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप

शिकायत में अतुल्या चंद्रा पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। डॉक्टर का दावा है कि एक्ट्रेस ने उनके साथ गाली-गलौज की और उन्हें धमकाया। आरोप है कि उन्हें झूठे मामले में फंसाने की बात कही गई। साथ ही, अतुल्या की रिश्तेदार को नशीला पदार्थ देकर यौन उत्पीड़न की कोशिश करने का आरोप लगाने की धमकी भी दी गई।

पुलिस ने मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बिबिन पेरुमपिल्ली को पहला और अतुल्या चंद्रा को तीसरा आरोपी बताया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

कौन हैं अतुल्या चंद्रा और बिबिन पेरुमपिल्ली?

अतुल्या चंद्रा मलयालम फिल्म इंडस्ट्री की अभिनेत्री हैं। वह ‘डियस ईरा’, ‘गानगंधर्वन’ और ‘उयिर’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं।

वहीं, बिबिन पेरुमपिल्ली अभिनेता होने के साथ फिल्म निर्माता भी हैं। वह ‘लोका’, ‘किंग ऑफ कोठा’, ‘सीतारामम’, ‘रोषाक’ और ‘आशान’ जैसी फिल्मों से जुड़े रहे हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। डॉक्टर की शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Share this story

Tags