'मैं कछुआ हूं, वो खरगोश', शाहरुख खान से तुलना करने पर बोले सुदेश बेरी
मुंबई, 23 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता सुदेश बेरी हिंदी सिनेमा का जाना-माना नाम हैं। अभिनेता का मानना है कि किसी भी व्यक्ति के सफल होने के पीछे किस्मत का बड़ा रोल होता है।
अभिनेता ने आईएएनएस के साथ बातचीत में याद किया कि अक्सर उनसे पूछा जाता है कि वे शाहरुख खान जैसा स्टारडम क्यों नहीं हासिल कर पाए? इस सवाल का जवाब देते हुए सुदेश बेरी ने बताया कि हर किसी का सफर अलग होता है और आखिर में सब कुछ किस्मत पर निर्भर करता है।
उन्होंने कहा, "जब भी कोई मुझसे इस तरह के सवाल पूछता है, तो मेरा जवाब यही रहता है, 'ये सब किस्मत का खेल है। मैं कछुआ हूं और वो खरगोश हैं। कछुआ धीरे चलता है और खरगोश तेज चलता है। सचिन तेंदुलकर, सनी देओल, शाहरुख खान, सलमान खान 'स' राशि के तहत पैदा हुए लोग कुछ अलग ही होते हैं, एकदम अलग क्लास के होते हैं।"
अभिनेता ने आगे बताया कि वे सनी देओल को अपना मेंटर मानते हैं। उनके करियर में सनी देओल का अहम रोल रहा है। सनी देओल की जिंदगी को देखिए, उन्होंने अपनी जिंदगी में कितना दर्द सहा है। उन्होंने मुझे लॉन्च किया था, मैंने उनके साथ सात फिल्में की हैं और वे मेंटर भी हैं। अगर सनी देओल ने फिल्ममेकर राजकुमार संतोषी के साथ फिल्म 'घायल' में काम करने के लिए हां नहीं कहा होता, तो उनका करियर किसी और ही दिशा में चला गया होता।
सुदेश बेरी ने कहा, "मैं एक ऐसा इंसान हूं, जिसका मानना है कि जैसा दिखता है, असल में वो आधी सच्चाई है या कोई सच्चाई ही नहीं है। मेरा मानना है कि मुश्किल समय सिर्फ बहादुर लोगों के सामने आता है, जिनमें उसका सामना करने की हिम्मत होती है और जिनके अंदर हिम्मत नहीं होती है, वो दो मिनट में गायब हो जाते हैं। तो एक आदमी, जो हीरे और सोने जैसा है। उसे वैसा बनाने के लिए पहले काटा और पीटा जाता है। जब उसकी पिटाई होती है, तो सोना बदल जाता है, निखरता है या गहने में बदल जाता है और फिर वो किसी के गले में जाएगा, जिसके गले में जाएगा, वो किस्मत है।"
--आईएएनएस
एनएस/एबीएम

