कुकू कोहली के निधन से भावुक हुए अजय देवगन, बोले- 'कुछ लोग आपकी जिंदगी का रास्ता हमेशा के लिए बदल देते हैं'
मुंबई, 26 अगस्त (आईएएनएस)। फिल्ममेकर कुकू कोहली का मंगलवार को 77 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने अभिनेता अजय देवगन को फिल्म 'फूल और कांटे' से बॉलीवुड में लॉन्च किया था। उनके निधन पर अजय देवगन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया। अजय ने कहा कि कुछ लोग इंसान की जिंदगी की दिशा हमेशा के लिए बदल देते हैं और कुकू कोहली उनके लिए ऐसे ही खास लोगों में शामिल थे।
अजय देवगन ने एक्स पर कुकू कोहली को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, ''कुछ लोग आपकी जिंदगी का रास्ता हमेशा के लिए बदल देते हैं। कुकू जी मेरे लिए ऐसे ही लोगों में से एक थे। आपने मुझ पर जो भरोसा दिखाया, उसके लिए मैं हमेशा आपका शुक्रगुजार रहूंगा। आपकी बहुत याद आएगी, कुकू जी। ओम शांति।''
बता दें कि कुकू कोहली ने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में आखिरी सांस ली। उनकी तबीयत कुछ समय से ठीक नहीं थी। उन्हें ब्लॉकेज की समस्या थी, और हाल ही में उनके स्टेंट लगाया गया था।
परिवार के मुताबिक, उनकी तबीयत में सुधार नजर आ रहा था। मंगलवार को वह बातचीत भी कर रहे थे, तभी अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया और वह गिर पड़े। इसके बाद उनका निधन हो गया।
कुकू कोहली के अचानक चले जाने से परिवार और फिल्म इंडस्ट्री को गहरा झटका लगा। उनका अंतिम संस्कार 27 अगस्त को मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट पर किया जाना है। उनके अंतिम दर्शन के लिए फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोग पहुंचे।
कुकू कोहली के फिल्मी सफर की बात करें, उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मशहूर फिल्ममेकर और अभिनेता राज कपूर के साथ बतौर असिस्टेंट की थी। उन्होंने राज कपूर की फिल्मों 'बॉबी', 'सत्यम शिवम सुंदरम' और 'प्रेम रोग' में उनके साथ काम किया और फिल्म बनाने की बारीकियां सीखीं। इसके बाद उन्होंने सनी देओल और अमृता सिंह की फिल्म 'बेताब' में सेकेंड यूनिट डायरेक्टर के तौर पर काम किया। आगे चलकर उन्होंने बतौर निर्देशक अपनी पहचान बनाई।
साल 1991 में कुकू कोहली ने 'फूल और कांटे' से निर्देशन की शुरुआत की। इसी फिल्म से उन्होंने अजय देवगन को बॉलीवुड में लॉन्च किया। फिल्म की कहानी और गानों के साथ-साथ अजय की पहली एंट्री आज भी लोगों को याद है। फिल्म में अजय देवगन दो चलती हुई बाइक पर पैर फैलाकर खड़े होकर एंट्री करते दिखाई दिए थे। उनका यह स्टंट इतना मशहूर हुआ कि अजय की पहचान से जुड़ गया।
'फूल और कांटे' की सफलता के बाद कुकू कोहली ने कई फिल्मों का निर्देशन किया। उन्होंने 'कोहराम', 'सुहाग', 'हकीकत', 'जुल्मी', 'अनाड़ी नंबर 1', 'ये दिल आशिकाना' और 'वो तेरा नाम था' जैसी फिल्मों पर काम किया। 'सुहाग' में अजय देवगन और अक्षय कुमार पहली बार एक साथ नजर आए थे। वहीं 'हकीकत' में अजय देवगन और तब्बू की जोड़ी दिखाई दी थी। उनकी आखिरी फिल्म 'वो तेरा नाम था' साल 2004 में रिलीज हुई थी।
कुकू कोहली की निजी जिंदगी भी चर्चा में रही। उन्होंने अभिनेत्री अरुणा ईरानी से दूसरी शादी की थी। दोनों की मुलाकात 'कोहराम' के सेट पर हुई थी और धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती प्यार में बदल गई। कुकू की पहली शादी रीता कोहली से हुई थी और उनसे उनकी दो बेटियां पूजा और करिश्मा थीं। बाद में कुकू और अरुणा ईरानी ने शादी की।
--आईएएनएस
पीके/पीएम

