'खिलाड़ी' छोड़ी, डेब्यू टला… फिर ‘दरार’ ने बदल दी अरबाज खान की जिंदगी
नई दिल्ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। 4 अगस्त 1967 को जन्मे अरबाज खान ने फिल्मी परिवार से होने के बावजूद अपने करियर की शुरुआत में कई उतार-चढ़ाव देखे। कई फिल्में बंद हो गईं, डेब्यू टलता रहा और एक समय ऐसा भी आया जब उनके हाथ से बड़ी फिल्म 'खिलाड़ी' निकल गई। किस्मत ने करवट ली और साल 1996 में आई फिल्म ‘दरार’ ने उन्हें ऐसी पहचान दिलाई कि वह रातोंरात बॉलीवुड के चर्चित कलाकार बन गए।
अरबाज खान का पूरा नाम अरबाज सलीम अब्दुल रशीद खान है। वह मशहूर लेखक सलीम खान के बेटे और अभिनेता सलमान खान व सोहेल खान के भाई हैं। फिल्मी माहौल में पले-बढ़े होने के बावजूद उन्हें अपने करियर की शुरुआत में काफी संघर्ष करना पड़ा।
बहुत कम लोग जानते हैं कि अरबाज खान का डेब्यू 1992 में फिल्म 'फुटपाथ' से होना था। इस फिल्म के लिए उन्होंने उस समय की चर्चित फिल्म 'खिलाड़ी' का ऑफर भी ठुकरा दिया था लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। ‘फुटपाथ’ बीच में ही बंद हो गई और अरबाज का सपना अधूरा रह गया। बाद में 'खिलाड़ी' रिलीज हुई और बड़ी हिट साबित हुई।
इसके बाद उनकी फिल्म 'राम' भी पूरी नहीं हो सकी। इस फिल्म में सलमान खान, पूजा भट्ट, अरबाज खान, सोनाली बेंद्रे और नासिर खान थे। फिल्म 1994 में शुरू हुई लेकिन निर्माता मंसूर सिद्दीक और सोहेल खान के बीच विवाद के बाद इसे रोक दिया गया। फिल्म लगभग 40 प्रतिशत पूरी हो चुकी थी। बाद में इसी फिल्म का शीर्षक गीत निर्माता फिरोज नाडियाडवाला ने खरीदकर अपनी फिल्म 'राम शास्त्र' में इस्तेमाल किया।
यही नहीं 1993 में अरबाज खान ने अभिनेत्री जीनत अमान के साथ हॉलीवुड फिल्म ‘फैटल अट्रैक्शन’ का रीमेक बनाने की भी योजना बनाई थी। इस फिल्म में वह निर्माण और अभिनय दोनों करने वाले थे तथा निर्देशन अब्बास-मस्तान के जिम्मे था लेकिन यह परियोजना भी आगे नहीं बढ़ सकी। लगातार फिल्मों के बंद होने से ऐसा लगने लगा था कि उनका फिल्मी करियर शुरू होने से पहले ही खत्म हो जाएगा।
हालांकि, साल 1996 में रिलीज हुई फिल्म ‘दरार’ ने उनकी जिंदगी बदल दी। इस फिल्म में उन्होंने एक हिंसक और सनकी पति का किरदार निभाया। उनका नकारात्मक अभिनय दर्शकों और समीक्षकों को इतना पसंद आया कि उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट विलेन अवॉर्ड मिला। यही फिल्म उनके करियर का टर्निंग प्वाइंट साबित हुई और बॉलीवुड में उनकी अलग पहचान बन गई।
इसके बाद अरबाज ने कई फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए। ‘प्यार किया तो डरना क्या’, ‘हलचल’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ और ‘हैलो ब्रदर’ जैसी फिल्मों में उन्होंने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। हालांकि उन्हें सबसे ज्यादा सफलता निर्माता के रूप में मिली।
2010 में उन्होंने ‘दबंग’ का निर्माण किया। सलमान खान अभिनीत यह फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई और हिंदी सिनेमा की सबसे सफल फिल्मों में शामिल हो गई। इसके बाद ‘दबंग 2’ का निर्देशन भी अरबाज खान ने किया जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। निर्माता के रूप में उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया कि वह सिर्फ अभिनेता ही नहीं बल्कि एक सफल फिल्ममेकर भी हैं।
अरबाज खान ने छोटे पर्दे और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी अपनी पहचान बनाई। उन्होंने रियलिटी शो ‘पावर कपल’ को होस्ट किया और 2019 में वेब सीरीज ‘पॉइजन’ के जरिए डिजिटल दुनिया में कदम रखा।
अगर निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने 1998 में अभिनेत्री और मॉडल मलाइका अरोड़ा से शादी की थी। दोनों का एक बेटा अरहान खान है। 2017 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद दिसंबर 2023 में अरबाज ने मेकअप आर्टिस्ट शूरा खान से शादी की।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम

