चुनाव परिणाम से पहले ही कमल हासन ने किया द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम की जीत का ऐलान
मुंबई, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। केरल में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग 9 अप्रैल को हो चुकी है और परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। इससे पहले ही मक्कल निधि मय्यम पार्टी के प्रमुख और राज्यसभा सांसद कमल हासन ने द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम की जीत का ऐलान कर दिया है।
उन्होंने एम.के. स्टालिन के साथ रैली की फोटोज शेयर की हैं जिसमें महिलाओं की भारी भीड़ देखी गई।
अभिनेता कमल हासन ने सोशल मीडिया पर रैली की कुछ फोटो पोस्ट की है, जिसमें वे मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के साथ एक ही मंच पर दिख रहे हैं। इस रैली में अभिनेता का ‘थलाइवन इरुक्किरान’ गीत भी प्रसारित किया गया। कमल हासन ने इतने बड़े पैमाने पर अपने गीत के प्रसारण पर भी खुशी जाहिर की और केरल विधानसभा परिणाम आने से पहले ही पार्टी की जीत का ऐलान किया।
अभिनेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम के नेतृत्व वाले धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में बुधवार को सलेम शहर में महिलाओं की एक भव्य रैली आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में मैंने अपने प्रिय मित्र, द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम के नेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से मुलाकात हुई। देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कड़गम की महासचिव व विरुधाचलम विधानसभा क्षेत्र से विजयी उम्मीदवार, प्रेमलता विजयकांत और अन्य माननीय मंत्री भी उपस्थित रहे।"
उन्होंने लिखा, "भारत में अन्य जगहों से बिल्कुल अलग द्रविड़ सरकार ने महिलाओं की उन्नति के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। इन उपलब्धियों की सराहना करने वाली इस ऐतिहासिक रैली में हजारों महिलाओं के साथ शामिल होना और उनके साथ मार्च करना एक भावपूर्ण क्षण था। मुझे बेहद खुशी है कि मेरे द्वारा रचित गीत ‘थलाइवन इरुक्किरान’ इस भव्य आयोजन के दौरान प्रसारित हुआ, जो 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन की शानदार जीत का संकेत देता है। यह प्रेरणादायक गीत जल्द ही आपके कानों तक भी पहुंचेगा।"
बता दें कि केरल विधानसभा चुनाव के बाद अभिनेता ने विधानसभा चुनाव न लड़ने का ऐलान किया था। अभिनेता ने साफ किया था कि न तो वे चुनावों का हिस्सा रहेंगे और न ही उनकी पार्टी मक्कल निधि मय्यम चुनावों का हिस्सा बनेगी। उन्होंने बिना शर्त द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम को समर्थन देने की बात कही थी। यही वजह है कि अभिनेता पार्टी के प्रचार में दिख रहे हैं।
--आईएएनएस
पीएस/पीएम

