वजन बढ़ने पर कैटरीना कैफ को किया गया ट्रोल! जानिए किस टीवी एक्ट्रेस ने ट्रोल्स की बोलती की बंद?
अभिनेत्री कटरीना कैफ इन दिनों अपनी हालिया पब्लिक अपीयरेंस को लेकर चर्चा में हैं. मुंबई में नजर आने के बाद उनके बदले हुए लुक और वजन को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया. अब अभिनेत्री शिवालिका ओबेरॉय खुलकर कटरीना के समर्थन में सामने आई हैं और ट्रोलर्स की सोच पर सवाल उठाए हैं.
शिवालिका ओबेरॉय ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर कटरीना कैफ की वही तस्वीर शेयर की, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया जा रहा था. तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, "क्या हो गया है मतलब?!?! ये मातृत्व है!"
उन्होंने आगे कहा कि सामान्य पोस्टपार्टम रिकवरी कई तरह की हो सकती है. इसमें शरीर का सूजना, थकान, वजन में बदलाव और कई दूसरी चीजें शामिल हैं. शिवालिका ने लिखा कि मातृत्व की ऐसी परफेक्ट तस्वीर पेश करना बंद करना चाहिए, जो वास्तविकता में मौजूद ही नहीं है.
अभिनेत्री ने यह भी कहा कि पिछले कुछ दिनों में उन्होंने ऐसी कई पोस्ट देखी हैं और उन्हें देखकर वह सोचने पर मजबूर हो गईं कि लोगों की सोच आखिर इतनी असंवेदनशील कैसे हो सकती है.
खुद मां बनी हैं शिवालिका ओबेरॉय
शिवालिका ओबेरॉय ने हाल ही में अपने बच्चे का स्वागत किया है. ऐसे में वह प्रेग्नेंसी और डिलीवरी के बाद शरीर में होने वाले बदलावों को करीब से समझती हैं. इसी वजह से उन्होंने कटरीना के समर्थन में अपनी आवाज उठाई और पोस्टपार्टम बॉडी को लेकर होने वाली ट्रोलिंग की आलोचना की.
यह पहली बार नहीं है जब किसी अभिनेत्री को मां बनने के बाद शरीर में आए बदलावों को लेकर सोशल मीडिया ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा हो. इससे पहले भी कई अभिनेत्रियां प्रेग्नेंसी के बाद अपने बदले हुए लुक को लेकर ट्रोलर्स के निशाने पर आ चुकी हैं.
अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंची थीं कटरीना
दरअसल, कटरीना कैफ नवंबर 2025 में बेटे विहान के जन्म के बाद लंबे समय तक लाइमलाइट से दूर रहीं. करीब कई महीनों बाद वह 26 अगस्त 2026 को मुंबई में एक अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचीं. इस दौरान पैपराजी ने उनकी तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड किए, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए.
इन तस्वीरों में कटरीना के पोस्टपार्टम बॉडी बदलाव नजर आए, जिसके बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके वजन और लुक को लेकर भद्दे और असंवेदनशील कमेंट्स किए.
फैंस ने भी ट्रोलर्स को दिया जवाब
कटरीना की तस्वीरें सामने आने के बाद जहां कुछ लोगों ने उनके लुक पर टिप्पणी की, वहीं बड़ी संख्या में फैंस उनके समर्थन में भी उतर आए. फैंस ने कहा कि मां बनने के बाद शरीर में बदलाव होना पूरी तरह सामान्य और प्राकृतिक प्रक्रिया है.
लोगों ने ट्रोलर्स को जवाब देते हुए कहा कि किसी महिला के शरीर को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना सही नहीं है. वहीं शिवालिका ओबेरॉय की पोस्ट ने भी पोस्टपार्टम बॉडी और मातृत्व को लेकर सोशल मीडिया पर होने वाली अनावश्यक आलोचना की ओर ध्यान खींचा है.

