कंगना रनोट की नई फिल्म पर विवाद, वीडियो में जाने फैंटम स्टूडियो ने ठोका 250 करोड़ का दावा; जियो स्टूडियोज ने कहा- ‘क्वीन’ का सीक्वल नहीं
अभिनेत्री और सांसद कंगना रनोट की आगामी फिल्म रिलीज से पहले ही कानूनी विवादों में घिर गई है। फैंटम स्टूडियो ने दावा किया है कि कंगना की नई फिल्म उनकी सुपरहिट फिल्म ‘क्वीन’ का सीक्वल है, जिसे उनकी अनुमति के बिना बनाया जा रहा है। इस मामले में फैंटम स्टूडियो ने जियो स्टूडियोज के खिलाफ 250 करोड़ रुपये का दावा करते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
हालांकि, जियो स्टूडियोज ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा है कि कंगना रनोट की नई फिल्म का ‘क्वीन’ से किसी भी तरह का संबंध नहीं है। प्रोडक्शन हाउस का कहना है कि यह एक पूरी तरह नई और मौलिक कहानी पर आधारित फिल्म है।
फैंटम स्टूडियो का क्या है दावा?
फैंटम स्टूडियो का आरोप है कि जिस फिल्म का निर्माण किया जा रहा है, उसमें उनकी फिल्म ‘क्वीन’ से जुड़े रचनात्मक तत्वों का इस्तेमाल किया गया है। स्टूडियो का कहना है कि यदि किसी फिल्म को सीक्वल या उससे जुड़े किसी रूप में बनाया जाता है, तो इसके लिए मूल अधिकार धारकों की अनुमति आवश्यक होती है।इसी आ धार पर फैंटम स्टूडियो ने जियो स्टूडियोज के खिलाफ 250 करोड़ रुपये के हर्जाने का दावा करते हुए कानूनी कदम उठाया है।
जियो स्टूडियोज ने आरोपों को बताया निराधार
विवाद बढ़ने के बाद जियो स्टूडियोज ने आधिकारिक बयान जारी कर सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। बयान में कहा गया कि स्टार स्टूडियो18 (स्टार स्टूडियो) इस समय कंगना रनोट के साथ एक नई फिल्म पर काम कर रहा है, जो पूरी तरह मौलिक और स्वतंत्र कहानी पर आधारित है।प्रोडक्शन हाउस ने स्पष्ट किया कि इस फिल्म का किसी भी पहले बनी फिल्म की कहानी, किरदार, पटकथा या रचनात्मक पहलुओं से कोई संबंध नहीं है।
‘न सीक्वल, न प्रीक्वल’
जियो स्टूडियोज ने अपने बयान में कहा, "यह फिल्म किसी मौजूदा फिल्म का न तो सीक्वल है और न ही प्रीक्वल।" कंपनी का कहना है कि दर्शकों के सामने एक बिल्कुल नई कहानी पेश की जाएगी और इसे किसी पुरानी फिल्म से जोड़ना गलत है।स्टूडियो ने यह भी संकेत दिया कि कानूनी दावों का उचित जवाब अदालत में दिया जाएगा।
अब अदालत में तय होगी आगे की राह
फैंटम स्टूडियो और जियो स्टूडियोज के बीच इस विवाद के बाद मामला कानूनी प्रक्रिया में पहुंच गया है। अब अदालत में यह तय होगा कि नई फिल्म का ‘क्वीन’ से कोई रचनात्मक या कानूनी संबंध है या नहीं।
फिलहाल कंगना रनोट की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, फिल्म इंडस्ट्री की नजरें इस हाई-प्रोफाइल कानूनी विवाद पर टिकी हुई हैं, क्योंकि इसका असर फिल्म की रिलीज और निर्माण प्रक्रिया पर भी पड़ सकता है।

