Kamal Haasan Birthday: 5 साल की उम्र में शुरू किया अभिनय, 72 की उम्र में भी कायम है जलवा; जानें जिंदगी के अनसुने किस्से
भारतीय सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाने वाले दिग्गज अभिनेता कमल हासन आज यानी 7 नवंबर को अपना 72वां जन्मदिन मना रहे हैं। पांच दशक से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने अभिनय से लेकर निर्देशन और फिल्म निर्माण तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। तमिल सिनेमा के साथ-साथ हिंदी, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ फिल्मों में भी उन्होंने शानदार काम किया है। उनकी फिल्मों के अलावा निजी जिंदगी भी हमेशा सुर्खियों में रही है।
5 साल की उम्र में शुरू किया था फिल्मी सफर
कमल हासन का जन्म 7 नवंबर 1954 को तमिलनाडु के परमाकुडी में हुआ था। उन्हें बचपन से ही अभिनय का शौक था। महज पांच साल की उम्र में उन्होंने 1959 में रिलीज हुई तमिल फिल्म 'कलाथुर कन्नम्मा' से अपने करियर की शुरुआत की थी।
इस फिल्म में उनके अभिनय को खूब सराहना मिली। इसके लिए उन्हें छह साल की उम्र में प्रतिष्ठित राष्ट्रपति गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया था। इतनी कम उम्र में मिला यह सम्मान उनके शानदार फिल्मी सफर की शुरुआत साबित हुआ।
20 साल की उम्र में बने लीड एक्टर
बाल कलाकार के रूप में पहचान बनाने के बाद कमल हासन ने साल 1974 में मलयालम फिल्म 'कन्याकुमारी' से बतौर लीड एक्टर शुरुआत की। इस फिल्म के लिए उन्हें पहला फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला।
इसके बाद 1975 में आई तमिल फिल्म 'अपूर्व रागंगल' ने उन्हें नई पहचान दिलाई। खास बात यह है कि इसी फिल्म से सुपरस्टार रजनीकांत ने भी अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। कमल हासन ने 1978 में फिल्म 'मारो चरित्रा' के जरिए तेलुगु सिनेमा में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
230 से ज्यादा फिल्मों में किया काम
कमल हासन ने अपने लंबे करियर में 230 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया है। उन्होंने हर तरह के किरदार निभाकर दर्शकों को प्रभावित किया। उनकी चर्चित फिल्मों में 'नायकन', 'थेवर मगन', 'महा नदी', 'हे राम', 'अनबे शिवम', 'चाची 420', 'पुष्पक', 'विक्रम' और 'इंडियन' फ्रेंचाइजी शामिल हैं।
अभिनेता के तौर पर ही नहीं, बल्कि निर्देशक और निर्माता के रूप में भी उन्होंने अपनी काबिलियत साबित की है।
नेशनल और फिल्मफेयर अवॉर्ड से हुए सम्मानित
कमल हासन को उनके अभिनय के लिए कई बड़े पुरस्कार मिल चुके हैं। उन्हें 'नायकन', 'मूंद्रम पिराई' और 'इंडियन' जैसी फिल्मों के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान मिला। इसके अलावा फिल्म 'थेवर मगन' के लिए बतौर निर्माता भी उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार मिला।
उनके नाम कई फिल्मफेयर पुरस्कार भी दर्ज हैं। उनके अभिनय की खासियत यह रही है कि उन्होंने अलग-अलग भाषाओं और शैलियों की फिल्मों में अपनी छाप छोड़ी।
ऑस्कर की दौड़ तक पहुंचीं कमल की सात फिल्में
कमल हासन की फिल्मों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई। उनकी सात फिल्मों को भारत की ओर से ऑस्कर की आधिकारिक एंट्री के लिए भेजा गया था। इनमें 'सागर', 'हे राम', 'इंडियन', 'कुरुथिपुनल', 'नायकन', 'स्वाति मुत्यम' और 'थेवर मगन' के नाम शामिल हैं। हालांकि, इनमें से कोई भी फिल्म ऑस्कर पुरस्कार नहीं जीत सकी।
दो शादियां, दोनों रिश्तों का हुआ अंत
कमल हासन की निजी जिंदगी भी काफी चर्चा में रही है। उन्होंने साल 1978 में डांसर वाणी गणपति से पहली शादी की थी। हालांकि, करीब दस साल बाद 1988 में दोनों का तलाक हो गया।
इसके बाद कमल हासन और अभिनेत्री सारिका करीब आए। दोनों शादी से पहले ही साथ रहने लगे थे। साल 1986 में उनकी बेटी श्रुति हासन का जन्म हुआ। इसके बाद 1988 में दोनों ने शादी की। साल 1991 में छोटी बेटी अक्षरा हासन का जन्म हुआ। हालांकि, यह रिश्ता भी ज्यादा समय तक नहीं चला और 2004 में दोनों अलग हो गए।
गौतमी के साथ 12 साल तक रहे रिश्ते में
सारिका से अलग होने के बाद कमल हासन का नाम अभिनेत्री गौतमी तडिमल्ला के साथ जुड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों करीब 12 साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे। साल 2016 में यह रिश्ता भी खत्म हो गया। इसके बाद उनका नाम अभिनेत्री सिमरन बग्गा के साथ भी जोड़ा गया।
कमल हासन का फिल्मी सफर आज भी नई पीढ़ी के कलाकारों के लिए प्रेरणा है। अभिनय में लगातार प्रयोग करने और अलग-अलग तरह के किरदार निभाने की उनकी क्षमता ने उन्हें भारतीय सिनेमा के सबसे प्रभावशाली कलाकारों में शामिल किया है।

